बछरावां से लालगंज और रायबरेली से गुरुबख्शगंज-खीरों मार्ग का प्रस्ताव भेजा
अगले महीने तक मिल सकती स्वीकृति, नवीनीकरण में खर्च होंगे 15 करोड़ रुपये
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। सालों से बदहाल दो मार्गों पर सफर करने वाले 50 हजार से ज्यादा मुसाफिरों को आने-जाने में जल्द सहूलियत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से दोनों मार्गों का नवीनीकरण कराने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। नवंबर महीने तक स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। दोनों मार्गों का नवीनीकरण हो जाने से स्थानीय लोगों के अलावा अन्य जनपदों से आने वाले मुसाफिरों का सफर सुगम होगा।
बांदा-बहराइच राजमार्ग पर बछरावां से लेकर लालगंज तक सड़क खस्ताहाल है। करीब 22 किलोमीटर यह हिस्सा लोक निर्माण विभाग खंड द्वितीय के पास है। इस मार्ग से बछरावां, शिवगढ़, महराजगंज ब्लॉक के अलावा हैदरगढ़, बाराबंकी जिले के लोग आते-जाते हैं। मार्ग खस्ताहाल होने के चलते आने-जाने में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। विभाग की ओर से सड़क का नवीनीकरण कराने के लिए सात करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। इसी तरह रायबरेली-गुरुबख्शगंज-खीरों मार्ग गड्ढों में तबदील है। इस मार्ग से कानपुर, उन्नाव जिले के अलावा स्थानीय ब्लॉक सतांव, खीरों, सरेनी क्षेत्र के लोग आते-जाते हैं।
कानपुर को जोड़ने के लिए यह सीधा मार्ग है। इसलिए ज्यादातर लोग इसी मार्ग से निकलते हैं। मार्ग बदहाल होने के चलते लोगों को लालगंज होकर जाना पड़ता है। इससे समय के साथ अधिक धन भी खर्च करना होता है। 28 किलोमीटर इस मार्ग को ठीक कराने में आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इनसेट
स्वीकृति मिलने के बाद शुरू कराया जाएगा काम
दोनों मार्गों को ठीक कराने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है, जिस पर मंथन चल रहा है। नवंबर महीने तक स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद नवीनीकरण का काम शुरू कराया जाएगा।
-प्रमोद कुमार राणा, एक्सईएन लोक निर्माण खंड द्वितीय