अखिलेश यादव ने कानपुर में जनसभा में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी अगर सत्ता में आई, तो उसे लैपटॉप बांटने में ही पांच साल लग जाएंगे।
अखिलेश ने लोगों से पूछा कि यूपी के अलावा किस सरकार ने एमबीबीएस की सीटें बढ़ाने का काम किया है?
उन्होंने मोदी पर हमला करते हुए कहा कहा, वे टीवी पर प्रचार करने में भले ही आगे हैं लेकिन विकास कार्य में वे सपा से बहुत पीछे हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सपा सरकार ने पिछले दो साल में यूपी में गुजरात से अधिक विकास कार्य कराए हैं।
बड़े-बड़े फैसले किए हैं सरकार ने
कानपुर में जनसभा सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने विकास के कार्य ईमानदारी से किए हैं। सरकार ने जो भी वादे किए हैं, निभाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार ने जितने बड़े-बड़े फैसले किए हैं, वैसे फैसले किसी सरकार ने नहीं किए हैं।
अखिलेश ने कहा कि लैपटॉप बांटना हो या गरीब लोगों की मुफ्त में इलाज की सुविधा मुहैया कराना हो, सपा सरकार ने लोगों का बखूबी खयाल रखा है।
लोगों से की अपील
जनसभा में अखिलेश यादव ने लोगों से बार-बार जीत के लिए अपील की। उन्होंने कहा कि नेताजी और सपा के लिए अच्छा मौका है। इसे बेकार मत जाने दीजिएगा।
उन्होंने कहा कि सपा ने बहुत से विकास कार्यक्रम किए हैं, इस बार मदद कर दीजिएगा फिर दिक्कत नहीं होगी।
सीएम ने चलते-चलते अकबरपुर लोकसभा सीट के प्रत्याशी लालजी तोमर का नाम लिया और कहा कि इन्हें ज्यादा से ज्यादा वोट देकर जीता दीजिएगा।