लखनऊ के इंदिरानगर के मानस विहार एन्क्लेव में रहने वाले सीमेंट कारोबारी अमित अग्रवाल की एक साल की बेटी पीहू की पानी से भरी बाल्टी में डूबकर मौत हो गई।
यह हादसा बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12.30 बजे उस वक्त हुआ जब नौकरानी पीहू को नहलाने के लिए बाथरूम में ले गई। वह किसी काम से बच्ची को बाथरूम में ही छोड़कर बाहर निकली। इसी दौरान पीहू बाल्टी में गिर गई। वापस लौटी तो देखा कि बच्ची बाल्टी के पानी में बेहोश पड़ी थी। उसकी चीख सुनकर आए परिवारीजन बेटी को लोहिया संस्थान ले गए, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पत्नी कैंसर रोग से पीड़ित है। काफी लंबे समय से उनका इलाज चल रहा है। घरेलू काम के लिए उन्होंने नौकरानी रखी है।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार कुशवाहा के मुताबिक, परिवारीजनों ने हादसे की सूचना नहीं दी है। न ही उन्होंने किसी पर आरोप लगाया है। पुलिस ने अपने स्तर से जानकारी हासिल की है। अगर परिवारीजन तहरीर देते हैं तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।