यूपी में कोरोना को नियंत्रित करने का योगी मॉडल कामयाब साबित हुआ है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के सिर्फ 294 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, सक्रिय मामलों की संख्या भी अब पांच हजार से कम रह गई है। शुक्रवार को प्रदेश में दो लाख 73 हजार कोरोना टेस्ट किए गए इसके बावजूद संक्रमितों की संख्या 300 से भी कम रही।
प्रदेश में अब तक 5.5 करोड़ कोरोना के टेस्ट हो चुके हैं। वहीं, 2.51 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें से 55 लाख युवा हैं। बता दें कि प्रदेश सरकार टेस्ट, ट्रेस और ट्रीट की रणनीति पर काम कर रही है जिससे कोरोना को नियंत्रित करने में भारी कामयाबी मिली है।
कोरोना वायरस नियंत्रण में ढिलाई बर्दाश्त नहीं : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना वायरस के नियंत्रण में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोविड प्रोटोकाल का हर हाल में पालन कराया जाए। पेट्रोलिंग के साथ सैनिटाइजेशन पर जोर दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस भी जिले में पांच सौ से अधिक एक्टिव केस हैं वहां तत्काल कोरोना कर्फ्यू में छूट समाप्त कर दी जाए। वह शनिवार को सरकारी आवास पर कोविड 19 की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस कमजोर हुआ है, लेकिन अभी समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए थोड़ी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। बाजारों आदि सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ एकत्र न होने पाए। इसलिए लगातार पेट्रोलिंग कराई जाए। शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी के दौरान सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जून से बच्चों को निगरानी समितियों के माध्यम से निशुल्क मेडिसिन किट उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी नियमित मॉनीटरिंग की जाए। बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कस्टमाइज्ड क्रैश कोर्स की रणनीति बनाई जाए। प्रधानमंत्री की ओर से फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए इस कोर्स को शुरू किया गया है। पहले चरण में लगभग 10 हजार फंटलाइन वर्कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
टीकाकरण बढाएं
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाया जाए। ग्रामीण इलाकों में ग्राम पंचायत तथा नगरीय क्षेत्रों में वार्ड को केंद्र बिंदु बनाकर टीकाकरण कराया जाए। 21 जून तक छह लाख लोगों को प्रतिदिन टीके की डोज दी जाए। एक जुलाई से प्रतिदिन 10 लाख लोगों का टीकाकरण होगा। सप्ताहभर बाद इसे बढ़ाकर 12 लाख किया जाएगा। अब तक 2.5 करोड़ से अधिक लोगों को टीका लग चुका है।
ऑक्सीजन संयंत्र की संख्या हुई 533
प्रदेश में ऑक्सीजन संयंत्र की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। अब इनकी संख्या बढ़कर 533 हो गई है। इसमें पीएम केयर्स के सहयोग से 129 ऑक्सीजन संयंत्र तैयार किए गए हैं। 24 घंटों में राज्य में 305 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई है।
55.81 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद
बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि अब तक करीब 12 लाख 80 हजार किसानों से 55.81 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। इसी तरह सभी औद्योगिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित है। निर्माण परियोजनाओं की गति बढाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने जनपद वाराणसी में शाही नाले से संबंधित निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सोमवार से कोरोना कर्फ्यू में अब रात 9 बजे तक छूट
कोविड संक्रमण के दृष्टिगत बेहतर होती स्थिति के बीच 21 जून से सोमवार से शुक्रवार प्रातः 07 बजे से रात्रि 09 बजे तक कोरोना कर्फ्यू में छूट दी जाएगी। इस अवधि में कोविड प्रोटोकॉल के साथ बाजार, मॉल, रेस्टोरेंट पार्क, आदि खुल सकेंगे। धर्मस्थलों पर एक समय मे अधिकतम 05 लोगों की उपस्थिति हो सकती है, शादी समारोहों में अधिकतम 50 लोगों की सहभागिता की अनुमति दी जाए। सब्जी मंडिया खुले स्थानों पर संचालित की जाएं। स्टेडियम, जिम, क्लब, शिक्षण कार्य अभी बंद रखे जाएं। नई गाइडलाइन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश आज ही जारी कर दिए जाएं।
500 से ज्यादा कोरोना मरीज होते ही खत्म होगी कर्फ्यू से छूट
सभी जिलों में संक्रमण की दैनिक स्थिति पर सतत नजर रखी जाए। यदि किसी जनपद में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 500 से अधिक होती है तो कोरोना कर्फ्यू में दी जा रही छूट तत्काल समाप्त कर दी जाए।