उन्होंने कहा कि 21 जून से कोविड टीकाकरण का नया चरण प्रारंभ हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 18 वर्ष की आयु से अधिक के सभी नागरिकों के लिए 21 जून से राज्य सरकारों को निःशुल्क टीका उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के इस निर्णय से टीकाकरण अभियान को और गति मिलेगी। हमें इस सुअवसर का लाभ लेते हुए पूरी क्षमता के साथ टीकाकरण अभियान संचालित करना होगा।
हर दिन 06 लाख लोगों को टीका-कवर देने के लक्ष्य के साथ तैयारी की जाए। जबकि 01 जुलाई से प्रतिदिन 10 से 12 लाख लोगों को वैक्सीनेट किया जाए। वैक्सीनेशन सेंटर और वैक्सीनेटर की संख्या बढ़ाएं। नर्सिंग अंतिम वर्ष के प्रशिक्षुओं को वैक्सीनेटर के रूप में तैयार कियस जाए।
बेहतर होती स्थितियों के बीच सोमवार से कोरोना कर्फ्यू में छूट बढ़ाई जा रही है। इस संबंध में शासन द्वारा तय गाइडलाइन का सभी जिलों में कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। पुलिस बल की सतर्कता बढाने की आवश्यकता है। कहीं भी अनावश्यक भीड़ न हो। कोविड विहैवियर को अपनाने के लिए आवश्यक जागरूकता प्रसार किया जाए।
कोरोना काल की विषम परिस्थितियों के बावजूद भी इस वर्ष गेहूं खरीद में रिकॉर्ड बना है। अब तक 55.93 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद हो चुकी है, जबकि 89 फीसदी किसानों को भुगतान भी हो चुका है। शेष भुगतान यथाशीघ्र करा दिया जाए।
प्रदेश में कोरोना वायरस की चेन टूटने के साथ ही एक्टिव केस की संख्या भी घटने लगी है। लखनऊ छोड़ अन्य जिलों में एक्टिव केस की संख्या घट कर 200 से कम हो गई है। प्रदेश के 55 जिलों में 100 से कम एक्टिव केस हो गए हैं। रविवार को 251 लोग संक्रमित मिले जबकि 561 लोग ने संक्रमण को मात दी। वहीं 46 लोगों ने संक्रमण से दम तोड़ दिया। सबसे ज्यादा 10 लोगों की मौत लखनऊ में हुई है।
प्रदेश में इस समय 4,569 एक्टिव केस है। रिकवरी दर 98.4 फीसदी हो गई है। प्रदेश में अब तक पांच करोड़ 52 लाख 64 हजार 533 कोविड टेस्ट हुए हैं। रविवार को प्रदेश के 8 जिलों में 10 से अधिक मरीज मिले हैं जबकि 11 जिलों में यह संख्या 0 रही। इसमें लखनऊ में 11, मेरठ में 10, प्रयागराज में दो, मुजफ्फरनगर में पांच, वाराणसी में 11, कानपुर में चार, गोरखपुर में 7, गौतमबुधनगर में 10, रायबरेली में 11, बरेली में 11, शाहजहांपुर में 10 और प्रतापगढ़ में 10 मरीज मिले हैं।