इस्राइल में 11 अमेरिकी नागरिकों की मौत: बाइडन
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने पुष्टि की कहा है कि इस्राइल पर हमास के हमले में 11 अमेरिकी नागरिकों की मौत हुई है। बाइडन ने कहा, हमें पता चला हैं कि इस्राइल में मारे गए लोगों में कम से कम 11 अमेरिकी नागरिक शामिल हैं, जिनमें से कई ने इस्राइल में अपना दूसरा घर बना लिया था। उन्होंने कहा कि संभावना है कि हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों में अमेरिकी नागरिक भी हो सकते हैं। हालांकि अभी हम इसकी पुष्टि करने की कोशिश कर रहे हैं।
लेबनानी सीमा पर इस्राइली डिप्टी कमांडर की हत्या
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी लेबनान में इस्राइली बलों और हिजबुल्लाह के लड़ाकों के बीच सोमवार को हुई गोलीबारी में इस्राइल के एक डिप्टी कमांडर की मौत हो गई। लड़ाई में हिजबुल्लाह के कम से कम चार लड़ाके भी मारे गए।
दिल्ली में इस्राइली दूतावास और चबाड हाउस की सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली पुलिस ने इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष के मद्देनजर राजधानी में स्थित इस्राइली दूतावास और चबाड हाउस के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। एक अधिकारी ने कहा कि नई दिल्ली में दूतावास और मध्य दिल्ली के चांदनी चौक में स्थित चबाड हाउस के आसपास तैनात पुलिस को कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दोनों प्रतिष्ठानों के आसपास निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
इस्राइल के हमलों में अब तक 680 फलस्तीनियों की मौत
हमास के हमले के बाद इस्राइली डिफेंस फोर्स गाजा पट्टी पर लगातार बमबारी कर रही है। गाजा में इस्राइल के हमलों में अब तक 680 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और 3,700 से अधिक अन्य घायल हुए हैं। गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। वहीं, इस्राइल में हमास के हमले में अब तक 700 से अधिक लोगों की जान गई है और 2,300 से अधिक इस्राइली घायल हुए हैं।
नेतन्याहू ने हमास को दी सख्त चेतावनी
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सैन्य कार्रवाई के बीच फलस्तीनी आंतकी संगठन हमास को कड़ी चेतावनी दी है। नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा कि इस्राइल ने इस युद्ध की शुरुआत नहीं की है, लेकिन हम इसे अंजाम तक पहुंचाएंगे। नेतन्याहू ने एक संबोधन में कहा, हम यह युद्ध नहीं चाहते थे। इसे सबसे क्रूर तरीके से हम पर थोपा गया था। हालांकि, इस्राइल ने इस युद्ध को शुरू नहीं किया, लेकिन इसे हम खत्म करेंगे। पीएम नेतन्याहू ने हमास पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी और इसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
इस्राइल-फलिस्तीन संघर्ष से जुड़े एक सवाल पर विदेश मंत्री एली कोहेन ने कहा, यह एक ऐसी बुराई है जिसे शायद शैतान भी नहीं बना सकता। उन्होंने कहा, "पिछले दशकों में, मुझे नहीं लगता कि हमने ऐसे पाप देखे हैं - शायद केवल आईएसआईएस में ऐसा हुआ है।" विदेश मंत्री ने कहा कि हमास ईरान का छद्म रूप है। हमास के आतंकियों ने एक ऐतिहासिक नरसंहार को अंजाम दिया जिसे दुनिया नहीं भूलेगी।
गाजा पट्टी पर हमास के दावों और विवाद के मामले में इस्राइल के विदेश मंत्री एली कोहेन ने कहा, गाजा की जमीन को लेकर कोई विवाद नहीं है। हमने फलिस्तीनी गाजा को आखिरी मिलीमीटर तक दे दिया। जमीन को लेकर कोई विवाद नहीं है।
इस्राइल के विदेश मंत्री एली कोहेन ने कहा कि वे आश्वस्त करना चाहते हैं कि हम शैतानों को हराने में कामयाब होंगे। हमारे पास कोई अन्य विकल्प नहीं है। कई इस्राइली और दूसरे देशों के नागरिकों को बंधक बना लिया गया है। हम वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने हमास को चेतावनी दी है कि किसी भी बंधक को नुकसान पहुंचाने की हिमाकत न करे।
इस्राइल के विदेश मंत्री एली कोहेन ने हमास के साथ जारी युद्ध के बीच कहा, इस्राइल में युद्ध हो रहा है। हमने इस युद्ध को शुरू करने का विकल्प नहीं चुना है लेकिन हम एक शातिर आतंकी संगठन हमास का सामना कर रहे हैं।
इस्राइल संकट के बीच सीपीआई सांसद बिनॉय विश्वम ने विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर को पत्र लिखा है। इस्राइल और हमास के बीच हिंसक संघर्ष के बीच पश्चिम एशियाई क्षेत्र में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के संबंध में विदेश मंत्री को पत्र लिखकर विश्वम ने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के प्रयास की अपील की है।
इस्राइल और हमास के हिंसक टकराव के बीच ईरान ने इस्लामिक देशों की बैठक बुलाई है। ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) यानी इस्लामिक सहयोग संगठन के तहत 57 देश हैं। इनमें 40 से अधिक देश मुस्लिम बहुल आबादी वाले हैं। इस्राइली सरकार के साथ काम कर चुके बड़े अधिकारी हमास के हमलों के बाद ईरान पर आरोप लगा चुके हैं। ऐसे में ईरान की बैठक पर भी दुनियाभर की नजरें टिकी होंगी।
इस्राइल में युद्ध के बीच यूरोपीय देशों की बैठक बुलाई गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मध्य पूर्वी क्षेत्र के देशों के लिहाज से इस्राइल की सैन्य कार्रवाई बेहद अहम है। फलस्तीन इस्राइल पर दमन के आरोप लगाता रहा है। इसी बीच हमास के आतंकी हमलों के बाद हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। नजरें यूरोपीय देशों की बैठक पर है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वे हमास के नापाक मंसूबों को नेस्तनाबूंद करने के लिए पूरी ताकत का इस्तेमाल करेंगे।
हमास के आतंकी हमलों को इस्राइली संप्रभुता पर हमला बताते हुए प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पहले दिन ही साफ कर चुके हैं कि हमास को नेस्तनाबूंद करने में इस्राइल कोई कसर बाकी नहीं रखेगा। उन्होंने कहा कि हमास के खिलाफ इस्राइली सेना की कार्रवाई ऐसी होगी जिससे आने वाले दिनों में मध्य पूर्व का पूरा भौगोलिक नक्शा बदल जाएगा। दक्षिणी सीमा वाले इलाकों में मेयर के साथ बैठक के दौरान नेतन्याहू ने यह बयान दिया।
इस्राइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने सोमवार को हमास शासित गाजा पट्टी की "पूर्ण घेराबंदी" का आदेश दिया। गौरतलब है कि आतंकवादी समूह- हमास के हमलों में 700 से अधिक इस्राइली नागरिक मारे गए। रक्षा मंत्री गैलेंट वर्तमान में आईडीएफ (इस्राइल रक्षा बल) दक्षिणी कमान के प्रमुख मेजर-जनरल यारोन फिंकेलमैन के साथ मिलकर हमास के हमलों की चपेट में आए इलाकों का मूल्यांकन कर रहे हैं। गैलेंट के हवाले से कहा गया, "मैंने एक आदेश दिया है - गाजा पूरी तरह से घेराबंदी में रहेगा। कोई बिजली, भोजन या ईंधन (गाजा को नहीं दिया जाएगा) दिया जाएगा। हम बर्बर आतंकवादियों से लड़ रहे हैं।
इस्राइल संकट पर आ रही प्रतिक्रियाओं के बीच एक मीडिया रिपोर्ट में सोमवार को कहा गया कि एक तेजतर्रार पाकिस्तानी धार्मिक और राजनीतिक नेता मौलाना फजलुर रहमान ने हमास के आतंकी हमले को "ऐतिहासिक सफलता" करार दिया है। मौलाना ने इस्राइल पर घातक हमले के बाद फलस्तीन के लोगों के साथ खड़े होने की कसम खाई है। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को पेशावर में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान जमीयत उलेमा-ए इस्लाम-फजल (जेयूआई-एफ) के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान ने कहा, इस्राइल पर हमला इस बात का स्पष्ट सबूत है कि फलस्तीन मुद्दा खत्म नहीं हुआ है।
इस्राइल पर हमास के आतंकी हमलों के बाद सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। गाजा पट्टी में इस्राइली सेना ने एयरस्ट्राइक किए हैं। सैन्य कार्रवाई के बाद का मंजर विचलित करने वाला है। विजुअल में मलबे, आग और धुएं का गुबार देखा जा सकता है।
इस्राइली मीडिया के अनुसार, इस्राइल पर अभी भी रॉकेट हमले हो रहे हैं, येरूशलम और दक्षिणी इस्राइल में अभी भी सायरन की आवाजें आ रही हैं। मीडिया के अनुसार, गाजा पट्टी के पास कुछ संदिग्ध एयरक्राफ्ट देखे गए हैं। जिन शहरों पर हमास के आंतकियों ने कब्जा किया, उन्हें वापस लेने के लिए इस्राइली सेना को लंबी लड़ाई लड़नी पड़ सकती है।
अदाणी ग्रुप के अदाणी पोर्ट्स एंड सेज लिमिटेड ने कहा कि ऐसे मुश्किल समय में, हमारी संवेदनाएं इस्राइल के लोगों के साथ हैं। हम नजदीक से स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। बता दें कि हमास ने इस्राइल के उत्तरी इलाके में हमला किया है और यहीं पर हाइफा बंदरगाह मौजूद है। हाइफा बंदरगाह का संचालन अदाणी समूह द्वारा ही किया जाता है। अदाणी समूह ने कहा कि हमारे सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और उनकी सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। हम हालात को लेकर पूरी तरह से अलर्ट हैं।
हमास के हमले में इस्राइल में कई विदेशी नागरिक भी मारे गए हैं। इनमें अमेरिकी और 12 थाईलैंड के नागरिक भी शामिल हैं। थाईलैंड ने कहा है कि उसके 11 नागरिकों का अपहरण भी हुआ है। वहीं हमास के हमले के बाद हंगरी ने अपने 215 नागरिकों को इस्राइल से निकाला है।
गाजा पट्टी के आसपास की 7-8 जगहों पर इस्राइली सैनिकों और हमास के आतंकियों के बीच लड़ाई चल रही है। इस्राइली सेना ने कहा है कि अभी भी हमास के आतंकी सीमा पार कर उनके देश में घुस रहे हैं। ऐसे में नागरिकों को चौकन्ना रहने की सलाह दी गई है। इस्राइल ने करीब एक लाख सैनिकों को हमास के खिलाफ लड़ाई में तैनात किया है। साथ ही गाजा पट्टी में हमास के कथित 500 से ज्यादा ठिकानों को इस्राइली वायुसेना ने तबाह किया है।
इस्राइली सेना ने कहा है कि हमास के आतंकी अभी भी इस्राइल के शहरों में घूम रहे हैं। सेना ने लोगों को चौकन्ना और सावधान रहने को कहा है। आज भी इस्राइल के कई शहरों में गोलियां चलने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। वहीं इस्राइल के हवाई हमले में गाजा में 436 लोगों की जान चली गई है। फलस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह आंकड़ा बताया है। उनके अनुसार, मरने वालों में 91 बच्चे और 61 महिलाएं भी शामिल हैं। गाजा में 2200 लोग घायल भी हुए हैं।
फलस्तीन के आतंकी संगठन हमास की वेबसाइट को इस्राइल पर हमले के बाद हैक कर लिया गया। ऐसा करने से हमास की अपने समर्थक देशों को दी जाने वाली न सिर्फ जानकारी बल्कि मांगे जाने वाले सहयोग का रास्ता बंद हो गया है। अपने ऊपर हुए साइबर अटैक से बौखलाए फलस्तीन के आतंकी संगठन हमास के समर्थक साइबर हैकर्स ने अपनी हैक की हुई वेबसाइट के पीछे भारत का हाथ बताया है। यही नहीं हैकर्स के कई ग्रुप ने मिलकर भारत की कई वेबसाइट को निशाना बनाने की कोशिश भी की। पढ़ें पूरी खबर...
इस्राइल पर हमास के आतंकी हमले में घायल लोगों में एक भारतीय महिला भी शामिल है। महिला भारतीय राज्य केरल की निवासी है और बीते कई सालों से इस्राइल में रहकर काम कर रही थी। महिला की हालत गंभीर है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं हमास के हमले में 10 नेपाली नागरिक भी मारे गए हैं। नेपाल के दूतावास ने इसकी पुष्टि की है। पढ़ें पूरी खबर...
आतंकी संगठन हमास और इस्राइल के बीच संघर्ष जारी है। इन हमलों में अभी तक एक हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हमास के हमलों के बाद भारतीय अमेरिकी इस्राइल के पक्ष में उतर आए हैं। राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से दो उम्मीदवारों निक्की हेली और विवेक रामास्वामी समेत भारतीय मूल के अमेरिकियों ने कहा कि हम इस्राइल के साथ हैं। पढ़ें पूरी खबर...
इस्राइल: हमास द्वारा गाजा पट्टी से इस्राइल के अश्कलोन के ऊपर लगातार रॉकेट लॉन्च किए जा रहे हैं। हमास और इजरायली सेना के बीच लड़ाई दूसरे दिन भी जारी है।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने हमास द्वारा इस्राइल पर किए गए हमले की कड़ी निंदा की है। इस्राइल पर हुए इस हमले पर ट्रूडो की प्रतिक्रिया तब आई है जब वह खुद खालिस्तानी समर्थकों के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई न कर पाने की वजह से भारत की आलोचना का सामना कर रहे हैं। हमास के हमले पर ट्रूडो की प्रतिक्रिया के बाद इंटरनेट पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें ओंटारियो के मिसिसॉगा की सड़कों पर कुछ युवाओं को फलस्तीन के झंडे के साथ इस्राइल पर इस हमले का जश्न मनाते हुए देखा गया है। पढ़ें पूरी खबर...
इस्राइल पर हमास के हमले के बाद मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव परवान पर पहुंच गया है। इस बीच कच्चे तेल की कीमतें 4.5 प्रतिशत उछलकर 87 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गईं हैं। यह तेल की कीमतों में पिछले हफ्ते आई आठ प्रतिशत की गिरावट के उलट है। इस्राइल पर हमास के हमले ने वैश्विक तेल बाजार में खतरे की घंटी बजा दी है। ऐसा प्रमुख तेल उत्पादक और निर्यात केंद्र के रूप में इस क्षेत्र की महत्ता के कारण है। पढ़ें पूरी खबर
आतंकी संगठन हमास के इस्राइल पर शनिवार सुबह अचानक किए गए हमले के बाद दोनों के बीच संघर्ष जारी है। इन हमलों में अभी तक एक हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच, न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में इस्राइल के स्थायी प्रतिनिधि गिलाद एर्दान ने कहा कि यह इस्राइल का 9/11 है। साथ ही, संयुक्त राष्ट्र (यूएन) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब इस्राइल की बात आती है तो संयुक्त राष्ट्र की याददाश्त बहुत कमजोर हो जाती है, जिस आतंक को हम जल्दी से खत्म करते हैं, वह एक साइड नोट बनकर रह जाता है। हालांकि, इस बार ऐसा नहीं होगा। पढ़ें पूरी खबर...
इस्राइल पर हमास के हमले के बाद लंदन की सड़कों पर जश्न की वीडियो सामने आई है। बता दें कि हमास के हमले में इस्राइल में 700 से ज्यादा लोगों की जान गई है। जहां इस हमले से पूरी दुनिया स्तब्ध है, वहीं लंदन की सड़कों पर लोग हमास के हमले के समर्थन में जश्न मनाते दिखे। घटना के बाद लंदन मेट्रोपेलिटन पुलिस ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। मेट्रोपोलिटन विभाग ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि 'हमें इन घटनाओं की जानकारी है, जिनमें गाजा की सीमा पर इस्राइल में जारी संघर्ष से संबंधित खबरों को सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है। हम विभिन्न समुदायों के नेताओं के संपर्क में हैं।' पढ़ें पूरी खबर...
Hamas Israel War News Live Updates: आतंकी संगठन हमास की ओर से इस्राइल पर किए गए हमलों में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। दूसरी तरफ इस्राइल की तरफ से गाजा पट्टी पर आतंकियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का असर भी दिखने लगा है। दोनों ही तरफ से अब तक इस संघर्ष में एक हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। इस्राइल में अब तक 700 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। दूसरी तरफ गाजा पट्टी में 400 से अधिक की मौत हुई है। पढ़ें इस्राइल-हमास से जुड़े बड़े अपडेट्स...