अखिलेश यादव आज भाषण देने के लायक बचे हैं तो प्रधानमंत्री के कारण: शिवराज
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान चौहान उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करने पहुंचे हैं। जौनपुर में उन्होंने एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव आज भाषण देने के लायक बचे हैं तो प्रधानमंत्री के कारण ही बचे हैं। सपा, कांग्रेस या और किसी पार्टी का प्रधानमंत्री होता तो वैक्सीन बनती क्या? लोगों की जान बची तो प्रधानमंत्री के कारण ही बची है।
UP Election: अखिलेश ने भाजपा पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को जलालपुर की सभा में कहा कि जिले की सभी पांच सीट इस बार सपा जीतने जा रही है। उन्होंने बुनकर बाहुल्य जनपद में बुनकरों के लिए घोषणा करते हुए कहा कि सरकार बनने पर उन्हें फ्लैट रेट पर बिजली देंगे। उन्होंने किसानों को मुफ्त सिंचाई, 300 यूनिट फ्री बिजली, पुरानी पेंशन समेत विभिन्न डिग्रीधारकों को नौकरी का भरोसा दिलाया। कहा कि यह पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे अहमद हसन का क्षेत्र है। सरकार बनने पर उनके नाम से बड़ा काम करेंगे। अखिलेश ने कहा कि यह पहला चुनाव है जिसमें जनता पहले से मन बना चुकी है। ऐसा जोश और उत्साह पहले कभी नहीं देखने को मिला। सपा के पक्ष में ऐसी लहर चल रही है कि अब बीजेपी नेताओं ने घरों से झंडे उतारने शुरू कर दिए हैं। गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन्होंने घर-घर जाकर प्रचार शुरू किया था उन्हें महिलाओं ने ऐसा लाल सिलेंडर दिखाया कि अब घर घर जाना बंद कर दिया है। कहा कि बीजेपी से बड़ा झूठ कोई और नहीं बोलता। जितना बड़ा नेता उतना बड़ा झूठ।
सीएम योगी ने गोरखपुर में रोड शो किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भीड़ दिखाई दी।
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे विकास का एक्सप्रेस वे है: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का अधिक लाभ खजनी विधानसभा को हो रहा है। ये सिर्फ एक्सप्रेस वे नहीं है बल्कि ये विकास का एक्सप्रेस वे है। गोरखपुर का जो सबसे पिछड़ा क्षेत्र था आने वाले समय में ये क्षेत्र गोरखपुर के सबसे विकसित क्षेत्र में से एक होगा।
पूर्व बहुमत से आगे हो चुके हैं, अब छक्का लगाने के लिए तैयार हैं: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खजनी विधानसभा क्षेत्र जनसभा की। यहां उन्होंने कहा कि पांच चरणों के चुनाव हो चुके हैं और रुझान स्पष्ट हैं, भाजपा पूर्ण बहुमत से आगे चल रही है। छठे और सातवें चरण में हम केवल छक्का लगाने के लिए तैयार हैं।
UP Election: पीएम मोदी ने बलिया में की रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बलिया में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बीते पांच वर्षों में यहां अनेकों नई सड़कें बनवाई हैं, सड़कों को चौड़ा करने का काम भी तेजी से चल रहा है। बलिया के लोगों ने तो बिजली के अभाव में कितना खामियाजा भुगता है, बलिया के इस दर्द को मैं समझता हूं। हमारी सरकार ने बीते 5 वर्षों में यहां अनेकों नई सड़कें बनवाई हैं, सड़कों को चौड़ा करने का काम भी तेजी से चल रहा है। बलिया के लोगों ने तो बिजली के अभाव में कितना खामियाजा भुगता है, बलिया के इस दर्द को मैं समझता हूं। मोदी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। कहा, 2014 में जब मैं प्रधानमंत्री बना तो यूपी में इन परिवारवादियों की सरकार थी। इन लोगों ने मुझे गरीबों के लिए कुछ नहीं करने दिया। दो साल तक मुझे इन्हें झेलना पड़ा।
UP Election 2022: स्वामी प्रसाद मौर्य के लिए प्रचार करने उतरीं भाजपा सांसद
बदायूं की भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्या रविवार की रात फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के जौरा-मगुलही गांव में पहुंचीं। उन पर सपा प्रत्याशी अपने पिता स्वामी प्रसाद मौर्य के पक्ष में प्रचार करने का आरोप लगाकर कुछ कार्यकर्ताओं ने शोर-शराबा किया। बताया जा रहा है कि भीड़ बढ़ते देख संघमित्रा मौर्या वहां से चली गईं। संघमित्रा मौर्या बदायूं से भाजपा की सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या की बेटी हैं। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब पौने नौ बजे वह अपने पिता के समर्थन में फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के गांव जौरा-मगुलही में प्रचार कर रही थीं। इसकी भनक लगते ही कुछ स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता पहुंच गए। उन लोगों को देख महिला सांसद तत्काल अपने वाहन में बैठकर वापस जाने लगीं। वहां पहुंचे कुछ पत्रकारों के पूछने पर वहां निजी कारणों से आने की बात कहते हुए आगे बढ़ गईं। संघमित्रा मौर्या के उस गांव में मौजूदगी का वीडियो वायरल हुआ है।
UP Election: अखिलेश पर बरसे सीएम योगी
देवरिया जिले के विधानसभा क्षेत्र सलेमपुर के सेंट पाल स्कूल के मैदान में सोमवार को प्रदेश से सीएम योगी आदित्यनाथ ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सपा, कांग्रेस और बसपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के कार्यकाल में रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं गईं। सैकड़ों राम भक्त मारे गए थे, लेकिन आज पूरा विश्व अयोध्या की ओर देख रहा है। हमारे एक हाथ में विकास की छड़ी है तो दूसरे हाथ में बुलडोजर का स्टेयरिंग। प्रदेश के गुंडों, आतंकवादियों के खात्मे के लिए हम बुलडोजर का इस्तेमाल करते रहेंगे। उन्होंने सलेमपुर व भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
जमीन को माफियाओं से मुक्त करवा कर गरीबों के लिए घर बनवाए: अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने संत कबीर नगर में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2 हजार करोड़ रुपए की सरकारी जमीन पर माफियाओं ने कब्जा कर लिया था। इसके बाद योगी सरकार ने इस जमीन को माफियाओं से मुक्त करवा कर गरीबों के लिए घर बनाने का काम किया है।
कुशीनगर में अमित शाह की रैली
कुशीनगर में गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि 2014 में पूरे देश और उत्तर प्रदेश ने मोदी जी को पीएम बनाया था और उत्तर प्रदेश ने 80 में से 73 सीटें भाजपा की झोली में डालकर आजादी के बाद पहली बार किसी गैर कांग्रेसी दल को पूर्ण बहुमत देकर बीजेपी की सरकार बनाया।
सपा की साइकिल में भ्रष्टाचार का पहिया: शिवराज
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। गाजीपुर में उन्होंने कहा कि सपा वालों ने कभी लोगों को फ्री में गेंहू दिया था क्या? ये जनता को देते नहीं हैं खुद खा जाते हैं। सपा की साइकिल में भ्रष्टाचार का पहिया लगा है और पेंडल कमीशन का और इसे माफिया चलाते हैं। अगर ये साइकिल होती तो जनता तबाह और बर्बाद हो जाती।
UP Election: महाराजगंज में पीएम मोदी की रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराजगंज में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। कहा कि ये घोर परिवारवादी लोग गरीबों के लिए कभी नहीं सोचते हैं। अगर ये बीमार पड़ते हैं तो इलाज के लिए विदेश चले जाते हैं। लेकिन गरीबों के इलाज के लिए मोदी ने योजना चलाई है। ये घोर परिवारवादी अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए विदेश भेजते हैं, लेकिन गरीबों के लिए नहीं सोचते हैं। हम अब ऐसी शिक्षा नीति लेकर आए हैं, जिसकी मदद से बिना अंग्रेजी पढ़े गरीब घर के बच्चे डॉक्टर बन सकते हैं।
परिवारवादियों ने देश के गरीबों को भड़काने की कोशिश की: मोदी
उत्तर प्रदेश के महराजगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि भारत में बनी जिस कोरोना वैक्सीन पर हर हिंदुस्तानी को गर्व होना चाहिए था उस वैक्सीन के खिलाफ इन परिवारवादियों ने देश के गरीबों को भड़काने की कोशिश की।
पहले हफ्ते में 3-4 दिन बिजली रहती थी, अब 24 घंटे रहती है: नड्डा
जौनपुर के मछलीशहर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि 2014 में 18,000 गांव में बिजली नहीं थी और अब 18,000 गांव में 24 घंटे बिजली है। पहले हफ्ते में 3-4 दिन बिजली रहती थी और जब सुबह बिजली रहती थी तो शाम को नहीं रहती थी, शाम को बिजली रहती थी तो सुबह नहीं रहती थी।
छठे और सातवें चरण में हम छक्का मारने के लिए आए हैं: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि पांच चरणों के चुनाव के बाद मैं कह सकता हूं कि भाजपा पूर्ण बहुमत से आगे चल रही है। छठे और सातवें चरण में हम छक्का मारने के लिए आए हैं जिससे हम 300 पार के लक्ष्य को फिर से प्राप्त कर सकें।
बुनकरों को फ्लैट रेट पर मिलेगी बिजली: अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अंबेडकर नगर के जलालपुर में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए फ्री बिजली देंगे। इसके साथ ही हम बुनकरों को भी फ्लैट रेट पर बिजली मिलेगी। गन्ना किसानों को अपने भुगतान के लिए इंतजार नहीं करना पड़े इसके लिए अलग से बजट बनाएंगे।
UP Election: योगी ने सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के विष्णुपुरी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। बोले, ये लोग अवसरवादी हैं। इन लोगों का उद्देश्य हर हाल में सत्ता में बने रहना है। इसलिए ये चाहते ही नहीं कि प्रदेश का विकास हो।
यूपी का रण : पांचवें चरण की ज्यादातर सीटों पर भाजपा-सपा में टक्कर
रविवार को पांचवें चरण की 61 सीटों के मतदान में ज्यादातर सीटों पर सीधी लड़ाई हुई। कुछ सीटों पर बसपा व कांग्रेस प्रत्याशियों ने त्रिकोण बनाया है। इसका नतीजों पर असर नजर आएगा। कुछ सीटों पर मतदान के ठीक पहले घटी कुछेक घटनाओं का असर भी मतदान के दौरान दिखा है। इसका किसी को फायदा तो किसी को नुकसान उठाना पड़ा है। कई सीटों पर प्रत्याशियों की छवि ने भी असर दिखाया है। लेकिन, मुस्लिम व यादवों की एकजुटता के बीच प्रत्याशियों की जाति-बिरादरी के अनुसार मतों का बिखराव, मुफ्त राशन व बेहतर कानून-व्यवस्था का फैक्टर एक समान हर जगह हावी नजर आया। चुनाव प्रचार में जोर-शोर से उठाए जाने वाले मुद्दे मतदान में ज्यादा प्रभावी नहीं दिखे। हालांकि, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शुरू होने से जुड़े फैक्टर का कहीं-कहीं प्रभाव नजर आया। कई सीटों पर प्रचार तक दूसरा प्रभावी नजर आ रहा था, मतदान के दिन किसी दूसरे का पलड़ा भारी नजर आया। पढ़िए पूरी खबर...
प्रयागराज शहर दक्षिणी: जाति-पात का मुद्दा रहा पीछे, विकास व प्रत्याशी के चेहरे पर वोट
प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में जाति-पात पर शनिवार को हुए मतदान में विकास का मुद्दा भारी रहा। इसके साथ-साथ प्रत्याशी के चेहरे पर भी जमकर वोटिंग हुई। कीडगंज, अतरसइुया, कोतवाली, मुट्ठीगंज, दारागंज व नैनी में मतदान केंद्रों पर उत्सव जैसा माहौल दिखा। यहां दो प्रत्याशियों में सीधे टक्कर देखने को मिली लेकिन कुछ केंद्रों पर अन्य प्रत्याशी भी लड़ाई में दिखे। पढ़िए पूरी खबर...
चिल्लूपार : ब्राह्मण मतों के बिखराव से बढ़ी प्रत्याशियों की बेचैनी
वयोवृद्ध बाहुबली हरिशंकर तिवारी की वजह से चर्चा में रहने वाली गोरखपुर की चिल्लूपार विधानसभा सीट पर इस बार नए समीकरण बने हैं। भाजपा, सपा और बसपा प्रत्याशी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले मुख्य लड़ाई में बसपा रहती थी। सपा और भाजपा दूसरे या तीसरे नंबर की लड़ाई लड़ती थीं। इस बार ऐसा नहीं है। ब्राह्मण मतों के बिखराव से चिल्लूपार की लड़ाई संघर्षपूर्ण हो गई है। सियासी पंडितों का मानना है कि ब्राह्मणों का जिसे भी ज्यादा समर्थन मिलेगा, वही भारी साबित होगा। पढ़िए पूरी खबर...
UP Election 2022: आज पीएम मोदी की महाराजगंज में जनसभा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराजगंज में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की सभा सोमवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय के पीछे मैदान में होगी। इसके अलावा गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज होने वाला रोड शो ऐतिहासिक होगा। इसकी तैयारियों में भाजपा नेता जुटे हैं। रोड शो को सफल बनाने की जिम्मेदारी जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह को मिली है। वह गोरखपुर आ गए हैं। इससे पहले जलशक्ति मंत्री ने बरेली, झांसी, अयोध्या व प्रयागराज में सफल रोड शो कराया है।
UP Election : डिंपल यादव पर सीएम योगी का पलटवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी और पूर्व सांसद डिंपल यादव पर पलटवार किया है। योगी ने एक ट्वीट कर कहा, 'हां मैं भगवाधारी हूं।' इस ट्वीट के साथ ही मुख्यमंत्री ने अपने भाषण का एक वीडियो भी शेयर किया है।
इसमें उन्होंने डिंपल यादव के बयान का जिक्र करते हुए बगैर किसी का नाम लिए कहा 'एक बात मुझे बहुत खटकी है। आपने सपा के कुछ लोगों के बयान सुने होंगे। वो बयान सृष्टि का भी अपमान है। सनातन धर्म और संत समाज का भी अपमान है। भगवा को उन्होंने जंग के साथ जोड़ा है, लेकिन हां, मैं कह सकता हूं कि मैं भगवाधारी हूं। हर उत्तर प्रदेशवासी कहेगा, हम भगवाधारी हैं। इसलिए बोलेंगे क्योंकि ये भगवा सृष्टि की ऊर्जा का रंग है। सूर्योदय जब होता है तब भगवान सूर्य का रंग भी भगवा ही होता है।'
डिंपल ने क्या कहा था?
डिंपल ने भगवा को जंग लगे लोहे की तरह बताया था। कहा था, 'ये जो डबल इंजन की सरकार है। जब इंजन में जंग लग जाता है, जंग का रंग क्या होता है? मुझे लगता है जिस रंग के हमारे मौजूदा मुख्यमंत्री कपड़े पहनते हैं उसी रंग का होता है तो ऐसे जंग वाले इंजन को हटाने का समय आ गया है।'
प्रयागराज शहर उत्तरी : जिले की एकमात्र सीट जहां संघर्ष करती दिखी कांग्रेस
कम मतदान के लिए बदनाम प्रयागराज शहर उत्तरी सीट इस बार भी जिले में मतदान प्रतिशत में सबसे नीचे पायदान पर रही। जिले की यह एकमात्र ऐसी सीट रही, जहां कांग्रेस संघर्ष करते हुए दिखी। उत्तरी विधानसभा के तमाम बूथों पर वर्तमान भाजपा विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी की कांग्रेस प्रत्याशी अनुग्रह नारायण सिंह के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली। हालांकि यहां शुरूआती चार घंटे में महज दस फीसदी ही मतदान होने से प्रमुख दलों प्रत्याशी खासे परेशान दिखे। कटरा स्थित भारत स्काउट गाइड इंटर कालेज के सभी बूथों में सुबह 11 बजे तक आठ फीसदी ही मत पड़े। हालांकि दोपहर तीन बजे तक यहां बूथ संख्या 143 में 854 में से 327 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। पढ़िए पूरी खबर...
UP Election 5th Phase: प्रयागराज आमने-सामने की लड़ाई में फंसे दिग्गज
विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में रविवार को मतदाताओं ने कई दिग्गज नेताओं का भविष्य ईवीएम में बंद कर दिया। इस बार भी मतदान प्रतिशत करीब पिछली बार जैसा है लेकिन शहर की तीनों सीट पर आमने-सामने की लड़ाई है।
मतदान प्रतिशत के भी अपने-अपने तरीके से निष्कर्ष निकाले जा रहे हैं। ऐसे में शहर दक्षिणी से भाजपा उम्मीदवार नंद गोपाल गुप्ता नंदी, पश्चिमी के सिद्धार्थनाथ सिंह के लिए चुनाव कठिन माना जा रहा है। इनके अलावा करछना से सपा के उज्जावल रमण सिंह को भी कड़ी टक्कर मिल रही है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट...
फाजिलनगर : रोमांचक मुकाबले के बने आसार, सपा-भाजपा के लिए सीट बनी प्रतिष्ठा का सवाल
फाजिलनगर विधानसभा सीट पर इस बार विधानसभा चुनाव काफी रोचक दिख रहा है। भाजपा छोड़कर आए स्वामी प्रसाद मौर्य पर सपा ने दांव लगाया है। उनके आने के बाद से सपा से ही लंबे समय से चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे पूर्व जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी बगावती तेवर दिखाते हुए मौर्य के मुकाबले में बसपा से चुनाव मैदान में आ डटे। भाजपा ने विधायक गंगा सिंह कुशवाहा के बजाय उनके पुत्र सुरेंद्र कुशवाहा पर भरोसा जताया है। कांग्रेस से सुनील उर्फ मनोज सिंह उम्मीदवार हैं। सियासी पंडितों का मानना है कि इस सीट पर लड़ाई रोमांचक है। ऐसे में अप्रत्याशित नतीजे आ सकते हैं। बहरहाल, सपा और भाजपा के शीर्ष नेता इस सीट को जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट...