सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सेंट्रल इंजीनियरिंग सर्विस (सीईएस) रोड के 200 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा है। मंत्रालय का कहना है कि मौजदा हाईवे इंजीनियरों के 328 स्वीकृत पद हैं। 60 फीसदी नए हाईवे इंजीनियर पदों का सृजन कर स्वीकृत पदों की संख्या 528 करने की जरूरत है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी का कहना है कि इस महीने कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के पास इस प्रस्ताव को भेज दिया गया है।
जैसे ही मंजूरी मिलेगी यह भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बता दें कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय राष्ट्रीय राजमार्गों को बनाने की योजना, विकास और प्रबंधन करता है। इसके अलावा, केंद्र के वित्त पोषित राजमार्ग परियोजनाएं, सड़क परिवहन सेवा संबंधी नीतियां, भूमि अधिग्रहण, वित्तीय और प्रशासनिक आदि कार्य मंत्रालय के अधीन हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के परिचालन, मरम्मत और क्वालिटी कंट्रोल के लिए बड़ी तादाद में हाईवे इंजीनियरों की आवश्यकता है। अगर मंत्रालय में 200 नए हाईवे इंजीनियरों के पद स्वीकृत होते हैं, तो इनमें से 20 फीसदी को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग में प्रतिनियुक्ति पर भेजा जाएगा।