नक्सलियों से मुठभेड़ (फाइल फोटो)
- फोटो : social media
झारखंड के लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के बुलबुल जंगल और लोहरदगा-लातेहार जिले के सीमावर्ती जमुनिया पानी, नारायणपुर जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। बुधवार को दो बार नक्सलियों का सुरक्षाबलों से आमना-सामना हुआ। पहली मुठभेड़ सुबह और दूसरी मुठभेड़ दोपहर करीब दो बजे हुई। इसमें एक कुख्यात नक्सली मारा गया है। दावा किया जा रहा है कि मरने वाले नक्सली का नाम बालक गंझू है और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम था।
इस दौरान नक्सलियों के हथियार और अन्य सामान बरामद हुए। आठ दिनों ने पुलिस और सीआरपीएफ की अलग-अलग टीमें इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इस ऑपरेशन में नक्सलियों की ओर से लगाए गए विस्फोटक की चपेट में आकर तीन जवान घायल हो चुके हैं। लेकिन सुरक्षाबलों का मिशन जारी रखा गया। इसमें हेलिकॉप्टर की भी मदद ली गई।
बुधवार को मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों की ओर से की गई फायरिंग के बाद जवानों ने मोर्टार और बम दागे। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब आधे घंटे तक फायरिंग हुई धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक जंगली-पहाड़ी क्षेत्र में सुनाई देती रही। कहा जा रहा है कि नक्सलियों के दस्ते के दो-तीन लोग पानी लेने के लिए नाले के पास आए थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान जवान मौके पर पहुंच गए। इस दौरान नक्सलियों की ओर से सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं।