भाजपा शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव समिति के साथ बैठक करेगी, इस बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम चर्चा होगी। भाजपा ने झारखंड के शीर्ष नेताओं के साथ मिलकर झारखंड विधानसभा के उम्मीदवारों की सूची बना ली है जिसे शुक्रवार की बैठक में अंतिम रूप देना है। इसके साथ ही शुक्रवार को भाजपा-आजसू (ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन) गठबंधन पर भी बैठक होने की संभावना है।
झारखंड भाजपा के शीर्ष नेताओं सहित अन्य नेताओं ने दिल्ली स्थित अमित शाह के आवास पर बैठक की। यह बैठक गुरुवार शाम 6.15 बजे से लेकर रात 10.30 बजे तक चली जिसमें सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों के बारे में विचार हुआ। इसके अलावा सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों के चुनावी समीकरण बताए। सांसदों की प्रतिक्रिया और अन्य वरीय नेताओं के विचारों के आधार पर इस बैठक में प्रत्याशियों के नामों की सूची तैयार की गई।
सीट बंटवारे को लेकर आजसू ने फैसला भाजपा पर छोड़ दिया है। आजसू चाहती है कि पार्टी की मांग के आधार पर भाजपा फैसला कर के उन्हें बता दे। हालंकि भाजपा ने फोन करके आजसू को सीट बंटवारे के विषय पर बात करने के लिए दिल्ली बुलाया है। आजसू पार्टी के नेता डॉ. देवशरण भगत ने कहा है कि हम बड़े भाई भाजपा के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। हालंकि भाजपा के बुलावे पर आजसू की ओर से दिल्ली कौन जाएगा इसका खुलासा नहीं हुआ है।