वेलेंटाइन वीक शुरू होने से पहले ही मार्केट में प्यार का बुखार छाने लगा है। वेलेंटाइन वीक पर व्यापार को भुनाने के लिए शहर और आस पास के इलाकों में स्थित गिफ्ट गैलरी और आर्चीज गैलरियों के संचालक कई तरह के ग्रीटिंग कार्ड से लेकर विभिन्न डिजाइन और रेंज के तोहफों से अपने दुकानों को सजाने में जुटे हुए हैं।
इस मौके पर अपनी दुकानों और गिफ्ट गैलरी की ओर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए खास तौर पर साज सजावट के लिए प्लानिंग की जाने लगी है। इसके अलावा तोहफे और ग्रीटिंग कार्ड, रंग बिरंगे कोटेशनों के साथ डिस्पले लगाया जा रहा है।
गांधी नगर, त्रिकुटा नगर, पक्का डंगा, परेड और अन्य बाजारों स्थित गिफ्ट गैलरी और अन्य दुकानों के संचालक बड़े ही जोर शोर के साथ तैयारी में जुटे हैं। प्यार के मौसम में अपने व्यापार को और ज्यादा रंग देने के लिए दुकानदार कुछ खास और अलग किस्म के तोहफे और ग्रीटिंग कार्ड को रख रहे हैं।