रियासी। जिले में शुक्रवार से शुरू हो रहे दस दिवसीय श्री गणेशोत्सव और नवरात्र के दौरान ओपन एयर थियेटर में रामलीला के लिए बुधवार को ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान रियासी नगर गणपति बप्पा और जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा है।
बुधवार दोपहर को गणेश उत्सव कमेटी और श्री दुर्गा नाटक मंडली के कलाकारों चौक चबूतरा स्थित भगवान हनुमान जी के मंदिर में सबसे पहले ध्वजारोहण किया। इस के बाद मुख्य बाजार से होते हुए वार्ड चार में स्थित भगवान गणेश मंदिर में पूजा के बाद झंडा स्थापित किया गया। बाद में ओपन एयर थियेटर में भगवान श्री राम का जयघोष करते हुए ध्वजारोहण किया गया। गणेशोत्सव का आयोजन मंदिर में कोविड एसओपी के तहत किया जाएगा।
सुबह-शाम को होने वाली आरती में ज्यादा भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी। दुर्गा नाटक मंडली के प्रधान संजीव खजूरिया ने बताया कि अगर सब ठीक रहा तो ही रामलीला का आयोजन होगा। इसमें रामचरितमानस के मुख्य दृश्यों को दिखाया जाएगा। रामलीला का वार्षिक मंचन स्थगित नहीं होगा। प्रशासन की अनुमति के अनुसार स्टेज पर धार्मिक गतिविधियां जारी रखी जाएंगी। बीते वर्ष मंडली की तरफ से झांकियों के माध्यम से रामलीला की गई थी।