जम्मू। कर्नाटक के बीलेरी में 14 सितंबर से होने वाले 5वीं एलिट मैन बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर टीम भाग नहीं ले पाई है। प्रतियोगिता के लिए हुए ट्रायल में चिन्हित खिलाड़ियों की जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल द्वारा स्क्रीनिंग नहीं होने से टीम रवाना नहीं हो पाई।
मंगलवार को खिलाड़ियों ने कहा कि इस प्रतियोगिता के लिए काफी समय से तैयारी की थी। खिलाड़ियों ने कहा कि ट्रायल में एसोसिएशन ने 12 खिलाड़ियों का चयन किया था, लेकिन बाद में 6 ही खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भेजने का फैसला लिया। हालांकि काउंसिल की और से स्क्रीनिंग नहीं करने पर टीम को प्रतियोगिता के लिए नहीं भेजा जा सका।
खिलाड़ियों ने कहा कि चयन के बाद भी टीम का प्रतियोगिता के लिए नहीं भेजने की जांच होनी चाहिए। इंडोर स्टेडियम के मैनेजर सतीश गुप्ता ने कहा कि इस मामले में स्पोर्ट्स काउंसिल एसोसिएशन से स्पष्टीकरण मांगेगी।
बेंच प्रेस चैंपियनशिप संपन्न, 130 प्रतिभागियों ने भाग लिया था
जम्मू। गुरु रवि दास सभा बाहु फोर्ट में आयोजित दो दिवसीय जम्मू जिला बेंच प्रेस चैंपियनशिप का समापन हुआ। चैंपियनशिप में मैन और वुमन सब जूनियर, जूनियर, सीनियर, मास्टर, एकीयूपीड और अनएकीयूपीड प्रतियोगिता हुई थी। जम्मू जिला पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से इस प्रतियोगिता का आयोजन ऑल जम्मू-कश्मीर पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के बैनर तले किया था। चैंपियनशिप में पंकज चिब, हरीश कुमार और अनीता देवी ने सर्वश्रेष्ठ लिफ्टिर का खिताब अपने नाम किया।