जम्मू। पुंछ आतंकी हमले के बाद सेना ने व्हाइट नाइट कोर के अधीन आने वाले तमाम क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। सैन्य कैंपों से लेकर एलओसी तक अलर्ट किया गया है। सेना ने इसके लिए पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ समेत अन्य एजेंसियों से बात की है और मिलकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने पर जोर दिया है। खासकर आतंकी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चर्चा की गई।
शुक्रवार को सेना की व्हाइट नाइट कोर के जीओसी एम वी सुचिंद्रा कुमार की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की गई। इसमें राजोरी, पुंछ, जम्मू, किश्तवाड़ रामबन, रामबन आदि की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बात हुई। बैठक में एडीजीपी पुलिस मुकेश सिंह, आईजी सीआरपीएफ, बीएसएफ के आईजी आदि समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुंछ में 12 दिन से आतंकियों के साथ चलने वाली मुठभेड़ को लेकर भी अधिकारियों ने गहन विचार विमर्श किया। साथ ही इससे निपटने को लेकर चर्चा भी की। 24 अक्तूबर को जम्मू में गृह मंत्री की होने वाली रैली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विचार विमर्श किया गया है।