जम्मू। युवा राजतपूत सभा ने शनिवार को महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के पास प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान महाराजा हरि सिंह की जयंती पर सरकारी अवकाश की घोषणा करने की मांग उठाई है। साथ ही एक हफ्ते में घोषणा करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन के दौरान ज्यूल से बिक्रम चौक तक हाईवे पर एक एकतरफा जाम की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर यातायात को बहाल किया है।
युवा राजपूत सभा के अध्यक्ष राजन सिंह हैप्पी ने बताया कि सभा कई साल से महाराजा की जयंती पर अवकाश की मांग कर रही है, लेकिन अभी तक प्रशासन ने सुनवाई नहीं की है। इस वजह से युवाओं को प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा है। वहीं, महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के पास नेम प्लेट लगवाने और बिजली की व्यवस्था करने के लिए नगर निगम से अपील की थी, जिसके प्रति भी कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने डीसी को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा है। वहीं, चेतावनी दी है कि एक हफ्ते में मांग को पूरा नहीं किया गया तो तवी के चारों पुलों को जाम कर भूख हड़ताल शुरू कर देंगे। मौके पर सुरेंद्र सिंह, राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।