बसोहली में जिला विकास परिषद के चेयरमैन के समक्ष रोष जताते युवा, संवाद।
- फोटो : KATHUA
बिलावर। उपमंडल के युवा देश में फैली बेरोजगारी से परेशान हैं। इसलिए, उन्होंने सरकार से बेरोजगारी भत्ता जारी करने की मांग की है।
अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएट देवल गांव के सचिन ने बताया कि वर्ष 2017 में उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की थी। लेकिन, आज तक उनकी नौकरी नहीं लग पाई। बिलावर रूरल पंचायत के सुधीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2016 में उन्होंने भौतिक विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएट की डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने कई जगहों पर नौकरी के लिए आवेदन किया, लेकिन काम नहीं बना। अब वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
इसी प्रकार किशनपुर गांव की गृहिणी मीनू शर्मा ने बताया कि वर्ष 2015 में उन्होंने हिंदी में स्नातकोत्तर की डिग्री लेने के बाद बीएड की डिग्री भी पाई। लेकिन, छह वर्षों से घर पर बेरोजगार बैठी हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार नौकरी ही नहीं दे रही, तो इतनी पढ़ाई करने का क्या लाभ? भड्डू गांव के निवासी आदित्य गोस्वामी ने बताया वर्ष 2018 में इंजीनियरिंग करने के बाद आज तक उन्हें कोई सरकारी या गैर सरकारी नौकरी नहीं मिल पाई है।
युवा राहिल गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2017 में सरकार ने प्रदेश के सभी पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं का आंकलन किया गया था। इससे उम्मीद बंधी थी कि सरकार बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देगी। लेकिन, सरकार की ओर से आज तक इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाया गया। उपमंडल के बेरोजगार युवाओं ने सरकार से मांग की है कि पोस्ट ग्रेजुएट हो चुके लोगों के लिए जल्द से जल्द बेरोजगारी भत्ता जारी किया जाए। उन्होंने इस संबंध में प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से संज्ञान लेने की मांग की है।