बिलावर। समाज कल्याण विभाग की ओर से वीरवार को सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन हुआ। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में लगाए इस शिविर में 44 दिव्यांगों को विभिन्न कृत्रिम अंग वितरित किए गए।
इस मौके पर समाज कल्याण विभाग के तहसील अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि मार्च महीने में विभाग की ओर से दिव्यांगों को चिन्हित किया गया था। इसके बाद सरकार की ओर से सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें एडीआईपी और असिस्टेंट फॉर डिसेबल्ड पर्सन योजना के तहत लोगों की सहायता की गई है। भविष्य में भी विभाग इस प्रकार के कार्यक्रम करता रहेगा।
इस शिविर में राजेश कुमार और अन्य कई कर्मचारियों ने नौ दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराईं। वहीं, 12 दिव्यांगों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गईं। अन्य 23 दिव्यांगों को विभाग की ओर से हेयरिंग एड और कृत्रिम अंग प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला विकास परिषद के सदस्य विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।