सांबा। जम्मू में गत दिवस परिसीमन आयोग के सदस्यों ने आम लोगों की आपत्तियों पर सुझाव मांगे थे। इसमें सांबा जिले से भी विभिन्न लोगों ने सुझाव दिए। जहां नई विधानसभा की सीट रामगढ़ को सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित रखने, राजपुरा को सांबा के साथ जोड़ना व गुड़ा सलाथिया को विजयपुर के साथ रखे जाने के सुझाव दिए गए।
सामाजिक कार्यकर्ता रीना चौधरी ने बताया कि उन्होंने परिसीमन आयोग के सदस्यों को सुझाव दिया कि रामगढ़ विधानसभा सीट को सामान्य वर्ग के लिए रखा जाए। गुड़ा सलाथिया को विजयपुर के साथ ही रखे जाने के बारे में सुझाव दिया।
मुखरजीत शर्मा ने बताया कि उन्होंने राजपुरा को सांबा के साथ जोडे़ जाने के बारे में सुझाव दिया। क्योंकि पहले से ही राजपुरा हीरानगर में आरक्षित सीट के तहत ही रहा है। अब राजपुरा को एक बार फिर से आरक्षित क्षेत्र के साथ जोड़ा गया है, जो सही नहीं है। राजपुरा को सांबा के साथ ही रखा जाए।
जाट बिरादरी के मोहन सिंह भट्टी ने बताया कि उन्होंने रामगढ़ विधानसभा की सीट को सामान्य वर्ग के लिए रखे जाने का सुझाव दिया। उनका कहा था कि रामगढ़ में अनुसूचित जाति की संख्या काफी कम है। अधिकतर जाट बिरादरी के लोग हैं, ऐसे में आयोग ने सांबा के कटली व रामनगर पटवारों को रामगढ़ के साथ मिला कर रामगढ़ को आरक्षित श्रेणी में रखा जा रहा है, जो सही नहीं है।