जम्मू विश्वविद्यालय में इस सत्र से पत्रकारिता और दर्शनशास्त्र में पीजी प्रोग्राम शुरू होंगे। विश्वविद्यालय को पहली बार दो नए विभाग शुरू करने की मंजूरी मिली है। विश्वविद्यालय की डीन अकेडमिक अफेयर्स ने बताया कि दोनों विषयों में 25-25 सीटें रखी गई हैं। यूजी मेरिट के आधार पर बाकी विषयों की तरह इन विषयों में भी छात्रों को दाखिला मिलेगा। इससे पहले केंद्रीय विवि जम्मू और कश्मीर विवि में ही सिर्फ पत्रकारिता की पढ़ाई करवाई जाती थी। जम्मू विवि में कोई प्रावधान नहीं था, लेकिन नई शिक्षा नीति में बदलाव से ही विवि में नए कोर्स शुरू करने का मौका मिला है।
जेयू में आए सुनील सिंह, मोहित कुमार, रबिंद्र सिंह और शाहनवाज ने बताया कि उन्होंने पत्रकारिता में दाखिले के लिए आवेदन किया है। स्नातक में उनके अंक 60 फीसदी से ज्यादा हैं। सीट मिली तो पत्रकारिता में ही परास्नातक करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पीजी जर्नलिज्म कोर्स के साथ सर्टिफिकेट और डिप्लोमा भी शुरू करने की जरूरत है।
539 से अधिक अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण
विवि की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पीजी कोर्स में दाखिले के लिए अभी तक 539 से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया है। 493 से अधिक छात्रों ने आवेदन शुल्क जमा करवा दिया है। बताया गया है कि जिन छात्रों ने प्रवेश के लिए सिर्फ पंजीकरण करवाया है। बिना शुल्क जमा करवाए उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया जा सकता है। 15 नवंबर आवेदन की अंतिम तारीख है।
17 तक 130 रुपये लेट फीस देकर अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। उसके बाद मेरिट में आने वाले छात्रों को दाखिले के लिए एसएमएस या इमेल के माध्यम से सूचित किया जाएगा, लेकिन अधिसूचना में दी गई सभी औपचारिकताएं अभ्यर्थियों को पूरी करनी होंगी।