पंजाब से मुंबई और सूरत भेजी जा रही चरस
पिछले एक महीने में एएनटीएफ ने कश्मीर से पंजाब जाने वाली तीन खेप बरामद की हैं। पहली खेप 13 किलो गांजा, दूसरी 24 किलो चरस और तीसरी 18 किलो चरस पकड़ी गई। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पंजाब जाने के बाद यह तीनों खेप गुजरात के सूरत और मुंबई के सिद्धिविनायक क्षेत्र के आसपास तस्करों के पास पहुंचनी थी। इन तस्करों को पकड़ने के लिए एएनटीएफ की एक टीम मुंबई और सूरत में मौजूद भी है।
बड़े शहरों में श्रीनगर की चरस की मांग ज्यादा
सूत्रों का कहना है कि श्रीनगर में तैयार होने वाली चरस और अफगानिस्तान से आने वाली हेरोइन देश के बड़े शहरों में खूब पसंद की जाती है। यही कारण है कि बड़े स्तर पर पंजाब के तस्कर इसको कश्मीरी तस्करों के साथ मिलकर वाया पंजाब से मुंबई, गुजरात और दिल्ली जैसी जगहों पर भेजते हैं। यहां पर रेव पार्टियों में इसका बड़े स्तर पर इस्तेमाल होता है।
एक महीने में कश्मीर से आने वाले ट्रकों में नशे की पांच खेप बरामद की गई हैं। श्रीनगर से जम्मू रूट पर काफी सख्ती होने के चलते तस्कर अब श्रीनगर से लेह और लेह से वाया मनाली पंजाब जाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लद्दाख पुलिस से मिलकर इस पर नजर रखी जा रही है। एलओसी के पार से नशे की तस्करी बढ़ सकती है। सूरत और मुंबई जैसे शहरों में श्रीनगर से पंजाब जाने वाली चरस जाती है। - विनय कुमार, एसपी, एएनटीएफ जेएंडके