जम्मू। हथकरघा और हस्तशिल्प विभाग के बुनकरों/कारीगरों के मेधावी बच्चों के लिए संशोधित शिक्षा योजना के तहत छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति के लिए प्रशासनिक परिषद की मंजूरी मिलने के बाद वीरवार को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी।
प्राथमिक शिक्षा तक प्रत्येक बच्चे को 1500 रुपये प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसी तरह 6वीं से 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष दो हजार रुपये, 11वीं से 12वीं तक के लिए प्रति वर्ष तीन हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अलावा तकनीकी व पेशेवर क्षेत्रमें लाभार्थी को वास्तविक कोर्स शुल्क सरकार की ओर से दिया जाएगा। इसमें बुनकरों और कारीगरों के अधिकतम दो ही बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जा सकता है। इसमें लाभार्थी बच्चे को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के तहत भुगतान किया जाएगा। विद्यार्थी को विभाग की ओर से पंजीकरण कार्ड जारी किया होना चाहिए।