कठुआ के दियालाचक में गुलाम नबी आजाद की जनसभा में कांग्रेस पूर्व मंत्री डॉ. मनोहर लाल शर्मा की बयानबाजी पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मानहानि मुकदमे के लिए नोटिस जारी किया है।
कठुआ के दियालाचक में गुलाम नबी आजाद की जनसभा में कांग्रेस पूर्व मंत्री डॉ. मनोहर लाल शर्मा की बयानबाजी पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मानहानि मुकदमे के लिए नोटिस जारी किया है। डॉ. जितेंद्र सिंह के वकील ने नोटिस में कहा है कि पूर्व मंत्री डॉ. मनोहर लाल ने जानबूझ कर निराधार और झूठे आरोप लगाकर डॉ. जितेंद्र की छवि खराब करने का प्रयास किया है।
विज्ञापन
सात दिन के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक तौर पर माफी न मांगने पर केंद्रीय मंत्री की ओर से कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। वीरवार को दियालाचक में पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद की जनसभा में डॉ. मनोहर ने डॉ जितेंद्र सिंह पर खनन मामले में पार्टनर, लखनपुर, ठंडी खुई, बन और अन्य टोल प्लाजा में भी हिस्सेदार होने का आरोप लगाया था। एडवोकेट विकास कांत ने कहा कि पूर्व मंत्री को सात दिन का समय दिया गया है। माफी न मांगने पर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
सस्ती लोकप्रियता के लिए बयानबाजी: राजीव जसरोटिया
कठुआ। पूर्व मंत्री और भाजपा नेता राजीव जसरोटिया ने कहा कि कांग्रेस नेता ने सस्ती लोकप्रियता के लिए आपत्तिजनक बयानबाजी की है। वर्ष 2014 के बाद पूरे क्षेत्र में व्यापक विकास हुआ है, जिसे लेकन कांग्रेस नेताओं में कुंठा और हताशा का माहौल है।