जम्मू-कश्मीर में तैनात सुरक्षाबल
- फोटो : अमर उजाला
शहर के डाउनटाउन इलाके के बोरी कदल में सोमवार की रात आतंकियों ने कश्मीरी पंडित की दुकान पर काम करने वाले सेल्समैन की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घाटी में लगातार दूसरे दिन आतंकियों ने नागरिक की हत्या को अंजाम दिया है। बटमालू इलाके के एसडी कालोनी में रविवार की देर शाम आतंकियों ने पुलिसकर्मी तौसीफ अहमद की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मारे गए सेल्समैन की शिनाख्त बांदीपोरा के अष्टेंगू निवासी मोहम्मद इब्राहिम खान के रूप में हुई है। बताते हैं कि आतंकी डा. संदीप मावा की दुकान पर पहुंचे और इब्राहिम को निशाना बनाकर करीब से फायरिंग की। इसमें वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आतंकी भाग निकले। उसे तत्काल पास के अस्पताल ले जाया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। घटना के तत्काल बाद पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की है। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
आतंकी हमले में मारे गए दवा कारोबारी बिंदरू के साले की दुकान पर वारदात
ड्राई फ्रूट्स व कपड़े के कारोबारी डॉ. संदीप मावा पिछले महीने आतंकियों का शिकार बने कश्मीरी पंडित दवा कारोबारी मक्खन लाल बिंदरू के साले हैं। आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों ने दहशत फैलाने के लिए वारदात को अंजाम दिया।
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: एलजी
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने वारदात की निंदा करते हुए कहा है कि इस जघन्य घटना के लिए जिम्मेदार दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। जान गंवाने वाले इब्राहिम के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। परिवार को शीघ्र न्याय मिलेगा।
पिछले 24 घंटे में आतंकियों ने किया दूसरा टारगेट अटैक
इससे पहले बटमालू इलाके में रविवार देर शाम आतंकियों ने एसडी कालोनी इलाके में पुलिसकर्मी तौसीफ अहमद (29) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद पूरे इलाके को घेरकर तलाशी ली गई। आसपास के वीडियो फुटेज भी खंगाले गए। कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। टीआरएफ ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है।