जम्मू के बठिंडी इलाके में कुछ संदिग्ध लोगों के घूमने की जानकारी मिलने के बाद शहर के तमाम थानों को अलर्ट कर दिया गया। जगह-जगह नाके लगाकर संदिग्धों के वाहन की तलाश की जाने लगी। देर रात तक ऐसा कोई वाहन या संदिग्ध पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा था।
एसएसपी उत्तम चंद से इस संबंध में पूछे जाने पर बताया कि किसी शख्स ने पीसीआर को शाम के समय फोन किया कि बठिंडी इलाके में कुछ संदिग्ध कार में घूमते देखे गए हैं। उनके पास हथियार थे और वे किसी वारदात को अंजाम देने की जुगत में हैं। इसके बाद एहतियात के तौर पर बठिंडी के अलावा तमाम थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर वाहन की तलाश करने के निर्देश दिए गए थे।
एसएसपी ने कहा कि शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार की तलाश की गई, लेकिन देर रात तक ऐसा कुछ नहीं मिला। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करने वाले अज्ञात शख्स का कहना था कि एक क्रूज कार में कुछ लोग हथियारों से लैस घूम रहे थे, जो देखने से आतंकियों की तरह लग रहे थे।
इसके बाद पूरे शहर में यह बात तेजी से फैल गई। तमाम थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात हो गए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उल्लेखनीय है कि गणेश पूजा की शुरुआत होने के साथ शहर के मंदिरों और कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पुलिस प्रशासन ने पहले ही इन स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर रखा है।