जम्मू। राजकीय डिग्री कॉलेज रामनगर ने महिला वर्ग में अंतर कॉलेज वॉलीबाल प्रतियोगिता का खिताब जीता। जम्मू यूनिवर्सिटी में खेले गए फाइनल मुकाबले में रामनगर ने जीसीडब्ल्यू परेड को 3-1 से हराया।
जम्मू विवि के खेल और शारीरिक शिक्षा निदेशालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न कॉलेजों से टीमें पहुंचीं। फाइनल में जीडीसी रामनगर के लिए शिवानी, बंदू, मीनाक्षी और कमलेश ने शानदार प्रदर्शन किया। इससे पहले सेमीफाइनल में रामनगर ने जीडीसी अखनूर को 3-0 और जीसीडब्ल्यू परेड ने पीजी विभाग को 3-2 से हराया था। केंद्र आईटी के निदेशक इंजीनियर अनिक गुप्ता, उप निदेशक डीआईक्यूए डॉ गिन्नी डोगरा मुख्य अतिथि रहे। जम्मू विवि के खेल और शारीरिक शिक्षा निदेशालय के निदेशक डॉ. दाऊद इकबाल बाबा ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ पदक देकर सम्मानित किया। पुरुष वर्ग में कबड्डी मुकाबले में जीडीसी कठुआ, जीडीसी अखनूर, जीडीसी मेंढर, भास्कर डिग्री कॉलेज, जीडीसी सांबा, जीडीसी खौड़, जीडीसी मढ़, पीजी विभाग ने मुकाबले जीते। क्वार्टर फाइनल में जीडीसी कठुआ ने जीडीसी अखनूर को 25 अंक, जीडीसी मेंढर ने भास्कर डिग्री कॉलेज को 36 अंक से हराया। जीडीसी खौड़ ने जीडीसी सांबा को 26 और जीडीसी मढ़ ने पीजी विभाग को दो अंक से हराया।