जम्मू। केन्या में नौकरी दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने पर क्राइम ब्रांच जम्मू ने पंजाब के बठिंडा निवासी अमृतपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ने एक्सपर्ट ओवरसीज कंपनी के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करता है। क्राइम ब्रांच ने डोडा जिले के ठाठरी निवासी दर्शन कुमार पुत्र मूलराज की लिखित शिकायत पर मामला दर्जा किया है।
शिकायतकर्ता ने अपनी लिखित शिकायत में कहा है कि वह मोबाइल नंबर के माध्यम से एक्सपर्ट ओवरसीज कंपनी और अमृतपाल सिंह के संपर्क में आए। कंपनी दावा करती है कि वह युवाओं को विदेश में रोजगार तलाशने में मदद करती है। उक्त कंपनी ने शुरूआत में स्वयं हवाई टिकट की व्यवस्था के साथ केन्या में नौकरी के लिए अन्य औपचारिकताओं को बिना किसी शुल्क के पूरा किया। लेकिन जब रोजगार पत्र दिया तो हवाई टिकट सहित अन्य यात्रा के लिए आवश्यक औपचारिकताओं के लिए पैसे की मांग की और एक्सीस बैंक मैं पैसा ट्रांसफर करने को कहा। इसके बाद दर्शन कुमार को पता चला कि उक्त कंपनी ने हवाई टिकट को रद्द कर दिया है और उससे कोई संपर्क भी नहीं हो रहा है। इसके बाद पीड़ित ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत दर्ज करवाने के बाद प्रारंभिक सत्यापन किया गया, जिसमें पता चला कि आरोपी अमृतपाल सिंह ने केन्या में नौकरी दिलाने के नाम कुछ और लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की है।