जम्मू। कोविड की संभावित तीसरी लहर की चुनौती के बीच जम्मू-कश्मीर में संक्रमण के प्रसार में गिरावट आई है। प्रदेश में शुक्रवार को 51 नए संक्रमित मिले, जिसमें श्रीनगर से 27 मामले हैं। पिछले कुछ दिन से जम्मू-कश्मीर में निरंतर सौ से कम संक्रमित मामले मिल रहे हैं। हालांकि कोविड विशेषज्ञों के अनुसार आगामी शादी और त्योहारी सीजन में कोविड एसओपी के पालन पर आगामी संक्रमित मामले निर्भर करेंगे। कोविड उचित व्यवहार का पालन न होने पर नवंबर में संक्रमण का प्रसार बढ़ सकता है। प्रदेश में वर्तमान में कुल संक्रमित मामलों पर रिकवरी दर 98 फीसदी से ऊपर है। पिछले 15 दिन में सिर्फ चार ही संक्रमित मरीजों की मौत हुई है।
प्रदेश में जिला रियासी, रामबन, पुंछ, किश्तवाड़, सांबा, कठुआ, डोडा, उधमपुर, शोपियां, कुलगाम में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला। जिला जम्मू में 3 ही संक्रमित मामले मिले। पिछले कुछ हफ्तों से यात्रियों के संक्रमण में भी गिरावट आई है। इस बीच प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में 91 संक्रमित मरीज रिकवर हुए। जम्मू कश्मीर में सक्रिय मामलों में गिरावट के साथ वर्तमान में यह आंकड़ा 895 पहुंच गया है।
----------
दूसरी खुराक के टीकाकरण पर जोर
जम्मू कश्मीर में 18 से अधिक आयु वर्ग की पहली खुराक के टीकाकरण के 100 फीसदी लक्ष्य को हासिल करने के बाद अब दूसरी खुराक के टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में अब तक अनुमानित आबादी में 45 फीसदी लोगों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है और बचे हुए 55 फीसदी लाभार्थियों को अगले तीन माह में पूर्ण टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।