तीन दिन के लिए जम्मू-कश्मीर गए गृहमंत्री अमित शाह के दौरे का आज आखिरी दिन है। सोमवार को उन्होंने गांदरबल स्थित खीर भवानी मंदिर में माथा टेका। फिर श्रीनगर में जनसभा को संबोधित किया। अब वह सीआरपीएफ कैंप में सैनिकों के साथ रात्रि भोज करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर दौरे के तीसरे और आखिरी दिन पुलवामा जिले के लेथपोरा में सीआरपीएफ कैंप का दौरा करेंगे। जहां पर वह सैनिकों के साथ शिविर में रात्रि भोज करेंगे और वहीं शिविर में रात को विश्राम भी करेंगे।
विज्ञापन
अमित शाह ने खीर भवानी मंदिर में जाकर की पूजा-अर्चना
इससे पहले, गृहमंत्री अमित शाह ने अपने तीन दिवसीय दौरे के आखिरी दिन सोमवार को खीर भवानी मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता की आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा भी लगाई। इस मौके पर उनके साथ जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी मौजूद रहे। उनके इस दौरे के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
श्रीनगर में जनसभा को किया संबोधित
जम्मू-कश्मीर में तीन दिन के दौरे पर पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को आखिरी दिन श्रीनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पांच अगस्त के बाद कर्फ्यू न लगाते और इंटरनेट बंद नहीं करते तो कश्मीर का युवा ही मरता। कश्मीर के युवाओं को गुमराह किया जाता है। कश्मीर की जनता का भी उतना ही अधिकार है जितना हमारा है।