नैनसू क्षेत्र में शनिवार को बिरमा नाले में डूबने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दोनों नाले से रेत निकाल रहे थे। उनकी पहचान वरुण कुमार (16) पुत्र विजय कुमार और दिलीप कुमार (40) पुत्र बिल्लो राम निवासी बड़ाली के रूप में हुई है। यह दोनों नाले से रेत निकालने का काम करते थे।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े 11 बजे दोनों नाले से रेत निकाल रहे थे। इस दौरान पैर फिसलने से एक नाले में जा गिरा और उसे डूबता देख दूसरे ने भी छलांग लगा दी। लेकिन पानी गहरा होने के कारण दोनों डूब गए।
जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान चलाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
उधर, मौके पर पहुंचे तहसीलदार अमित वर्मा ने कहा कि घटना काफी दुखद है। प्रशासन की ओर से तत्काल बचाव अभियान चलाया गया था, लेकिन दोनों को ही नहीं बचाया जा सका है। शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने लोगों से बरसात में नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की है।