नगरोटा सैनिक स्कूल में सीबीआई टीम ने छापा मारा। निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में धांधली की शिकायतों पर यह कार्रवाई की गई है। सीबीआई ने धांधली को लेकर टेंडर प्रक्रिया से संबंधित रिकॉर्ड खंगाला और उसे जब्त कर लिया। सीबीआई सूत्रों का कहना है कि जब्त रिकॉर्ड में टेंडर प्रक्रिया की धांधली से जुड़ी जानकारी मिली है।
सुबह पहुंची सीबीआई टीम ने स्कूल कार्यालय के रिकॉर्ड को खंगाला। संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की और उनसे रिकॉर्ड लिया। जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 और 2020 के दौरान स्कूल के लिए कई तरह का सामान खरीदा गया। इसमें निर्माण समेत अन्य सामग्री भी थी, लेकिन खरीद की टेंडर प्रक्रिया में धांधली करके जरूरत से ज्यादा दाम पर सामान खरीदा गया।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर : शोपियां में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, एक को किया गया ढेर
यदि कोई वस्तु 2 लाख की है तो उसे चार लाख रुपये में खरीदा गया। तत्कालीन प्रधानाचार्य के प्रबंधन में काफी फिजूलखर्ची की गई है। सुबह शुुरू हुई सीबीआई की कार्रवाई रात तक भी जारी थी। सीबीआई की टीम ने काफी रिकॉर्ड जब्त कर लिया है। हालांकि इसे लेकर अभी सेना और सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।