जम्मू। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत तवी रिवर फ्रंट पर काम शुरू हो गया है। तय समय के अंदर इसे पूरा किया जाएगा। यह बात मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने जेके इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन एंड रूरल डेवलपमेंट (जेकेआईएमपीए एंड आरडी) की टीम के साथ दौरे के दौरान कही।
उन्होंने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत जम्मू में तवी रिवर फ्रंट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम तेज गति से करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने तवी रिवर फ्रंट के कार्य की स्थिति के बारे में जानकारी दी। बताया कि 3.5 किमी लंबे रिवर फ्रंट के दोनों ओर कार्य प्रगति पर है। मेयर ने परियोजना निष्पादन कंपनी को बाधाओं को दूर करने और समय सीमा में परियोजना को निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संभागीय आयुक्त डॉ. राघव लंगर और जेएमसी आयुक्त अवनी लवासा के प्रयासों के बाद यहां काम शुरू किया गया है। इसके बाद वर्टिकल गार्डन, सेल्फी प्वाइंट, डोगरा चौक और अप्सरा रोड प्रोजेक्ट समेत का भी दौरा किया।