स्नातक के सेमेस्टर पैटर्न के तहत दूसरे सेमेस्टर की परीक्षायें मई माह के पहले सप्ताह तक शुरू हो पाएंगी। जम्मू यूनिवर्सिटी के एग्जामिनेशन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि स्नातक के दूसरे सेमेस्टर की परीक्षायें जो अप्रैल माह में शुरू होने वाली थी वह अब मई माह के पहले सप्ताह तक शुरू हो पाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि अभी स्नातक के द्वितीय और अंतिम वर्ष की परीक्षायें चल रही हैं। इन परीक्षाओं के खत्म होने के बाद ही दूसरे सेमेस्टर से संबंधित डेटशीट और अन्य जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सितंबर में भारी बारिश के कारण अक्तूबर महीने में होने वाली पहले सेमेस्टर की परीक्षा इस वर्ष जनवरी में संपन्न हुई थीं।
वहीं अभी कालेज प्रशासन के पास काफी समय है कि वह दूसरे सेमेस्टर के पाठ्यक्रम को समय पर खत्म कर सकते हैं और विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंध में रिवीजन में भी करवा सकते हैं।
आठवीं परीक्षा की समय सारिणी बदली-
जम्मू जिले में मंगलवार से शुरू हो रही आठवीं की बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी में बदलाव किया गया है। सुबह 10:30 बजे के बजाये अब दोपहर दो बजे से परीक्षा का समय निर्धारित किया गया है।
जिला इंस्टीट्यूट आफ एजूकेशन एंड ट्रेनिंग (डाइट) के प्रिंसिपल मोहिंद्र सिंह ने अमर उजाला को बताया कि बारहवीं परीक्षा के समय की वजह से आठवीं परीक्षा की समय सारिणी में बदलाव करना पड़ा है।
आठवीं के परीक्षार्थियों को अब सुबह 10:30 बजे के बजाये दोपहर दो बजे से परीक्षा के लिए केंद्रों में पहुंचना होगा।
दस मार्च को आठवीं की बोर्ड परीक्षा में साइंस का पेपर होना है। इसके बाद 12 मार्च को सोशल साइंस, 14 मार्च को इंग्लिश, 17 मार्च को गणित और 19 मार्च को आखिरी पेपर हिंदी और उर्दू विषय का होगा।