जम्मू संभाग के डोडा जिले को सीधे हिमाचल से जोड़ने के लिए साढ़े चार किलोमीटर लंबी टनल बनेगी। नेशनल हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ठाठरी उपमंडल से हिमाचल के चंबा जिले तक सड़क परियोजना की डीपीआर तैयार कर रहा है। इस परियोजना में डोडा के गंदोह में कालूजुगासर से टनल बनाई जानी है, जो हिमाचल में तीसा तहसील के मक्कन और टिटुल गांवों से जुड़ेगी। टनल बनने से डोडा के ठाठरी से चंबा की दूरी 70 किलोमीटर रह जाएगी, जिसका सफर महज दो घंटे में तय हो जाएगा।
ठाठरी से चंबा सड़क और टनल परियोजना की डीपीआर अंतिम चरण में है। इसे लेकर जोर शोर से कवायद चल रही है। आधिकारिक रूप से मंजूरी के बाद भूमि अधिग्रहण के लिए भी रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी।
- कर्नल एनएस गिल, जनरल मैनेजर एनएचडीसीएल
पर्यटन व्यवसाय को भी मिलेगा बढ़ावा : पूर्व विधायक
भद्रवाह विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक दलीप सिंह परिहार ने बताया कि कालूजुगासर से हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की तीसा तहसील तक पहुंचने में मात्र आधा घंटा लगेगा। इस रोड का निर्माण एनएचआईडीसीएल करेगी। इसके अलावा कठुआ, बसोहली, बनी भद्रवाह रोड का निर्माण भारत माला करेगी। डोडा-भद्रवाह-पदरी से हिमाचल तक सड़क का निर्माण भी एनएचआईडीसीएल ही करेगी।
अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी प्राथमिकता : डॉ. जितेंद्र
पीएमओ में मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के बीच अंतरराज्यीय सड़क संपर्क से जुड़े जितने भी प्रस्ताव लंबित थे, उन्हें सैद्धांतिक मंजूरी दी जा चुकी है। सामरिक, पर्यटन और आम सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण इन परियोजनाओं को प्राथमिकता से लिया जा रहा है।