जम्मू संभाग को दहलाने के लिए आतंकियों ने इस बार उधमपुर में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइज (आईईडी) विस्फोट कर दिया। जिला न्यायालय परिसर से बिल्कुल सटे सलाथिया चौक पर बुधवार दोपहर हुए धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि आठ वर्षीय बच्चे समेत 17 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक घायल को जम्मू जीएमसी रेफर कर दिया गया। विस्फोट की चपेट में आने वालों के शरीर पर छर्रे लगने से घाव हुए हैं। मृतक की पहचान जुगल निवासी तलपड़ तंदाल रामनगर उधमपुर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में आईईडी विस्फोट के सबूत मिले हैं। उधमपुर शहर में इस तरह का धमाका पहली बार हुआ है। चश्मदीद एक घायल ने बताया है कि एक संदिग्ध शख्स चौक पर लिफाफा रख कर चला गया, जिसके कुछ मिनट बाद धमाका हो गया। वह उस शख्स को दोबारा देखने पर पहचान सकता है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) की टीमों समेत अन्य एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। घटनास्थल वाली जगह को सील कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार उधमपुर शहर के बेहद व्यस्त रहने वाले सलाथिया चौक पर दोपहर 12.44 बजे एक जोरदार धमाका हुआ।
धमाका चौक की रोटरी में हुआ, जहां पर लोग वाहनों का इंतजार कर रहे थे। रोटरी की ग्रिल के परखच्चे उड़ गए। जोरदार धमाके की चपेट में आने से लोग घटनास्थल पर गिर गए। घायलों में चीख पुकार मच गई, वहीं चौक पर भगदड़ का माहौल बन गया।
आनन फानन घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर एक घायल को मृत घोषित किया गया, जबकि एक अन्य घायल को जम्मू रेफर कर दिया गया। सभी को स्प्लिंटर इंजरी (छर्रे लगने से चोट) है। विस्फोट के तुरंत बाद घटनास्थल को सील कर दिया गया।
घटनास्थल पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में आईईडी विस्फोट के संकेत मिले हैं, लेकिन तमाम पहलुओं की जांच करने के बाद भी पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकता है। सबूतों की एफएसएल और बैलिस्टिक विशेषज्ञों से जांच करवाई जाएगी।
प्रारंभिक जांच के अनुसार यह धमाका कम क्षमता वाली आईईडी से हुआ लग रहा है, जिसके नुकसान का दायरा ज्यादा बड़ा नहीं था। इसके पीछे की साजिश पर जांच के बाद ही पता चल सकेगा।
लोहे की ग्रिल से मिले आईईडी के सबूत
जांच एजेंसियों को लोहे की ग्रिल से आईईडी धमाके के सबूत मिले हैं। जांच के दौरान आशंका जताई जा रही है कि आईईडी या तो सब्जियां लाने वाले क्रेट में रखी गई थी या फिर लिफाफे में टांग कर ग्रिल पर रखी गई थी। लोहे की ग्रिल का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्रिल पर कुछ ऐसे निशान बने आईईडी विस्फोट को पुष्ट कर रहे हैं। मौके पर दो जले हुए लिफाफे भी मिले हैं। लिफाफों को देख कर लग रहा था कि इनके अंदर कुछ संदिग्ध चीज रखी गई है। इसके अलावा कुछ कपड़े, जूते, कश्मीरी रोटी, लोहे की ग्रिल पर टंगे कुछ हेडफोन व अन्य कई तरह का सामान बरामद किया है।
घायलों के नाम
वरुण (8) पुत्र जुगल निवासी डोनल, हीरा लाल (25) पुत्र लोकमन निवासी डोलपुर राजस्थान, सोनी कुमार (46) पुत्र प्रेम चंद निवासी कोट पटियारी, साहिल कुमार (25) पुत्र रोमेश कुमार निवासी पखलाई, अनिल कुमार (19) पुत्र सतपाल निवासी बवल्ली नाला, अशोक कुमार (47) पुत्र बेली राम निवासी सरसू, राकेश कुमार(40) पुत्र खेमराज निवासी बरमीन, अमित कुमार पुत्र ओम प्रकाश निवासी बंत, बोधराज (60) पुत्र मुंशी राम निवासी गोल मेला, ओम प्रकाश (60) पुत्र दीकू राम निवासी हरतयान बलेतर, अनीता (27) पत्नी जुगल निवासी जगानू, काकू राम (50) पुत्र डोडी राम निवासी कघोट, राजू राम(37) पुत्र धर्म चंद निवासी कुपरला, कुलदीप कुमार (46) पुत्र धर्मू निवासी कुपरला, सुषमा देवी पत्नी कुलदीप सिंह निवासी रठियान उधमपुर। दो घायलों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।