जम्मू। जम्मू-कश्मीर के युवाओं को सरकार प्रोफेशनल कोर्स करने का सुअवसर दे रही है। बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बोपी) 15 विभिन्न कोर्सों के लिए प्रवेश परीक्षा (एंट्रेंस टेस्ट) लेगा। इसके लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। बीएड, बीटेक, बीएसएसी नर्सिंग, पैरामेडिकल, टेक्नोलॉजी, बीएससी नर्सिंग सहित कई कोर्स करवाए जा रहे हैं।
बीएससी नर्सिंग, बीएससी पैरामेडिकल, बीएससी टेक्नोलॉजी के लिए आवेदन 29 मार्च से 19 अप्रैल तक मांगे गए हैं और इनकी परीक्षा जून के पहले सप्ताह में होगी। पोस्ट बेसिंग बीएससी नर्सिंग के लिए आवेदन 17 मई से दो जून तक किए जा सकते हैं। 10वीं स्तर पर पैरामेडिकल कोर्स के लिए आवेदन 12 अप्रैल से 10 मई तक होगा और परीक्षा मई के आखिरी सप्ताह में होगी।
12वीं कक्षा के बाद पैरामेडिकल डिप्लोमा, जिसमें मेडिकल असिस्टेंट, लेबोरेटरी असिस्टेंट, डी फार्मेसी, जीएनएम, एनएम सहित अन्य के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 अप्रैल से 18 मई तक अभ्यर्थी कर सकेंगे। परीक्षा जून के दूसरे या तीसरे सप्ताह में होगी। बीएड जम्मू के लिए आवेदन सात जून से 28 जुलाई तक मांगे गए हैं और परीक्षा 17 अगस्त को होगी। कश्मीर में बीएड के लिए अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन 10 से 31 मार्च तक कर सकेंगे और परीक्षा 17 अप्रैल को होगी। बीटेक इंजीनियरिंग के लिए 29 मार्च से 7 अप्रैल तक आवेदन मांगे गए हैं और परीक्षा 22 मई को होगी। बोर्ड बी-फार्मेसी, एमडी आयुष सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन और परीक्षा तीथि अलग से जारी करेगा।