जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय में शुक्रवार से बीएड प्रवेश के लिए काउंसलिंग शुरू हो गई है। कई साल बाद जम्मू विश्वविद्यालय का दूरस्थ शिक्षा निदेशालय दोबारा से बीएड करवा रहा। इससे पहले विवि में सिर्फ रेगुलर बीएड करवाई जाती थी। विवि के अधीन भद्रवाह कैंपस और बाकी कॉलेजों में बीएड की पेमेंट सीटें रखी गई थीं, लेकिन दूरस्थ शिक्षा निदेशालय में बीएड शुरू करने से स्कूलों में तैनात शिक्षकों और अन्य जरूरतमंद छात्रों को अब राहत दी गई है। छात्रों को अब निर्धारित समय पर ही विभाग में ऑफलाइन कक्षाओं के लिए जाना होगा। बाकी पढ़ाई घर बैठकर ही सकेंगे। एलिमेंट्री एजुकेशन में डिप्लोमा करने वाले कार्यरत शिक्षकों को मेरिट सूची में प्राथमिकता का प्रावधान रखा गया है। शिक्षकों समेत नए अभ्यर्थियों ने भी प्रवेश के लिए आवेदन किया है।
दूरस्थ शिक्षा निदेशालय की निदेशक सतनाम कौर ने बताया कि छात्रों की बाकी गतिविधियां रेगुलर की तरह होंगी, लेकिन रोजाना विवि नहीं आना पड़ेगा। ऑफलाइन कक्षाओं और जरूरी काम से ही विश्वविद्यालय आना होगा। दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के छात्रों की ऑफलाइन कक्षाएं एक से डेढ़ माह चलती हैं। बाकी टीपी देने के लिए स्कूलों में जाना होता है। अधिकारी ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2021-23 से दूरस्थ शिक्षा निदेशालय का पहला बैच फिर से शुरू किया गया है। जरूरतमंद छात्रों को पढ़ाई करने में आसानी होगी।