नगर निगम की ओर से तवी नदी को साफ सुथरा रखने के लिए कई अभियान चलाए जा रहे हैं। घरों से सीधा कचरा तवी में फेंकने पर सख्ती की गई है। लेकिन नगर निगम की अस्थायी डंपिंग साइट के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। कई बार इसे हटाने की मांग कर चुके हैं।
जम्मू के बेलीचराना में तवी नदी किनारे 10 माह बाद भी डंपिंग साइट नहीं हट पाई। वार्डों से उठाया गया कचरा यहां डंप करने से यहां गंदगी बढ़ती जा रही है। यहां ज्यादा मात्रा में पालीथिन बिखरा पड़ा है। लावारिस पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। दुर्गंध से लोग काफी परेशान हैं।
विज्ञापन
तवी नदी किनारे कचरा बीते साल अक्तूबर 2020 से फेंका जा रहा है। अस्थायी तौर पर यहां पर डंपिंग साइट बनाई गई थी। कहा गया था कि यहां एक माह तक कचरा फेंका जाएगा। इसके बाद साइट शिफ्ट हो जाएगी, लेकिन अभी तक यहां से डंपिंग साइट हट नहीं पाई है। हर रोज कचरा फेंका जा रहा है। यहां पर कचरे को दबाया भी जा रहा है। यहां कचरा फेंके जाने से दुर्गंध फैली रहती है। आसपास के लोग काफी परेशान है।
बेलीचराना में तवी नदी के किनारे कचरा फेंकने के लिए अस्थायी डंपिंग साइट बनाई गई है। बंधुरख में यूनिट बनाई जा रही है। जल्द ही यहां से डंपिंग साइट को हटाया जाएगा। - नरेंद्र जमवाल, हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी
डपिंग साइट को हटाया जाएगा। कोट भलवाल में कचरा संयंत्र केंद्र तैयार हो रहा है। कुछ वार्डों से कचरा फेंका जा रहा है। - हरेंद्र सिंह, सीटीओ, नगर निगम