जम्मू कश्मीर के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरो को सरकार ने तीन फीसदी महंगाई भत्ते (डीए) का तोहफा दिया है। एक जुलाई 2021 से बढ़ा हुआ डीए प्रभावी होगा और इस महीने के दिसंबर में जारी होने वाले वेतन और पेंशन के साथ एरियर भी मिलेगा। सरकार के इस फैसले से करीब साढ़े चार लाख सरकारी कर्मचारियों के अलावा डेढ़ लाख पेंशनरो को बड़ी राहत मिलेगी।
वित्त आयुक्त अटल डुल्लू की तरफ से बुधवार को जारी आदेश के तहत एक जुलाई 2021 से सरकारी कर्मचारियों को मूल वेतन का 31 फीसदी डीए के रूप में हासिल होगा। अभी तक कर्मचारियों को मूल वेतन का 28 फीसदी डीए हासिल हो रहा था। वहीं पेंशनर और परिवारिक पेंशन हासिल करने वालो का भी मूल पेंशन का 28 फीसदी के बजाए एक जुलाई 2021 से मूल वेतन का 31 फीसदी महंगाई भत्ता हासिल होगा।
कर्मचारियों का आवास किराया भत्ता भी बढ़ चुका
प्रदेश सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर दो नवंबर 2021 को ही सरकारी कर्मचारियों का आवास किराया भत्ता भी बढ़ा दिया था। एक्स क्लास के शहरों में काम कर रहे कर्मचरियों को मूल वेतन का 27 फीसदी एचआरए और वाई क्लास शहरो में मूल वेतन का 18 फीसदी एचआरए को मंजूरी दी गई थी।
जेड क्लास शहरो में काम कर रहे कर्मचारियों को मूल वेतन का नौ फीसदी आवास किराया भत्ता जारी करने को मंजूरी दी गई थी। इसका लाभ भी कर्मचारियों को एक जुलाई 2021 से प्रभावी किया गया है।