रियासी के बिड्डा मोड़ दंपति हत्या मामले को लेकर पुलिस ने स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (सिट) का गठन कर दिया है। इस कांड में एक और अहम सुराग सामने आ रहा है। जिस संदिग्ध युवक को बच्ची ने अपना चाचा कहकर पहचान की थी, वह मरने वाले बबलू का भाई हो सकता है। जांच पड़ताल में यह बात सामने आ रही है।
लेकिन पुलिस की समझ में यह नहीं आ रहा कि बबलू को लेने आए भाई सहित अन्य रिश्तेदार चाचा विक्की को पहचानने से इंकार क्यों कर रहे हैं, क्योंकि यदि उन्हें पता है बबलू उनका अपना है तो चाचा विक्की क्यों नहीं पहचाना जा रहा। विक्की बबूल का वही भाई हो सकता है, जो उसके साथ रहता था और लापता है।
उसका मोबाइल फोन भी स्विच आफ है। टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए जांच करेगी और इस मामले से जुड़े लोगों से गहन पूछताछ करेगी। पांच साल की नेहा अभी पुलिस की कस्टडी में है। एएसपी संजय शर्मा का कहना है कि बच्ची का अभी उपचार चल रहा है। वह स्वस्थ है, लेकिन कुछ उपचार चल रहा है।
बच्ची मां बाप के एक दम से दूर चले जाने और हादसे की वजह से सहम चुकी है। उसको अभी ऐसे लोगों के पास भेजना, जो उसे जानते नहीं, उसकी दिमाग पर असर डाल सकता है। रियासी पुलिस की महिला कांस्टेबल पिछले एक हफ्ते से बच्ची की देखभाल कर रही है। इस मामले में शामिल दो संदिग्ध युवकों और एक लापता बच्ची का अभी भी सुराग नहीं लग पाया है।