रियासी के बिड्डा मोड़ दंपति हत्या मामले में पुलिस अब मामले को सुलझाने के करीब पहुंचने लगी है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपियों के लगातार संपर्क में रहने वाले एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर ट्रेस कर लिया है। पुलिस लगातार इस नंबर पर नजर रखे हुए है।
हालांकि इस मामले की जांच पुलिस विभाग में हुए तबादलों की वजह से कुछ प्रभावित हुई है। दरअसल, पुलिस विभाग में हुए तबादलों में रियासी जिले के एसएसपी भी बदले गए हैं। मामले की जांच उनकी देखरेख में हो रही थी।
एसएसपी ने ही इस मामले को लेकर सिट का गठन किया था। कुछ पुलिस कर्मियों और सिट के अधिकारियों की टीमों को हरियाणा के पलवल में भेजा जाना था, लेकिन उनके तबादले के बाद अब तक कोई टीम बाहर नहीं भेजी गई है।
एएसपी संजय सिंह ने बताया कि पुलिस एक हफ्ते तक इस मामले को सुलझाने की कोशिश करेगी। अब तक की जांच में काफी कुछ पुलिस को मिला है। एक नंबर को ट्रेस किया गया है, जो आरोपियों के संपर्क में है। पुलिस फालो कर रही है।
मामले की अहम गवाह पांच साल की नेहा अभी पुलिस कस्टडी में है। उसकी महिला कांस्टेबल द्वारा देखभाल की जा रही है। मृतक दंपति की सारी प्रापर्टी नेहा के नाम कर दी गई है। मृतक दंपति का घर पुलिस ने सील कर लिया है और अन्य तरह का सामान भी सील कर लिया है।