मुगल रोड का प्रयोग कर मवेशियों को कश्मीर घाटी ले जाने वाले तस्करों के खिलाफ छेड़ी गई विशेष मुहिम के तहत जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 29 मवेशियों को मुक्त करवाया। एसएसपी राजोरी राजेश्वर सिंह ने बताया कि शहर के चिंगस क्षेत्र में एसएचओ राजोरी चमन गोरखा की अगुवाई में पुलिस टीम ने पैदल घाटी की ओर जा रहे तस्करों के कब्जे से चार पशु मुक्त करवाए जबकि तस्कर फरार होने में सफल हो गए।
वहीं नौशेरा तहसील के लंबेड़ी में पुलिस ने चार मवेशियों को मुक्त करवाया। इसके साथ ही कोटरंका थाने के एसएचओ जहांगीर अहमद की टीम ने फजो मोड़ क्षेत्र में विशेष नाके के दौरान वाहनों पर लदे मवेशियों को मुक्त करवाकर वाहन को जब्त कर लिया।
एसएसपी के मुताबिक टीम ने तीन वाहन को जब्त कर उसमें से 21 मवेशियों को मुक्त करवाया और पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान मोहम्मद असलम, मो. शरीफ, मो. इकबाल, जफर जावेद, मो. इकबाल के रूप में हुई है।
एसएसपी ने बताया कि वर्ष 2015 में अभी तक राजोरी पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में लगाए नाकों के दौरान पशु तस्करी के 158 मामले दर्ज कर 222 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 931 पशुओं को मुक्त करवाया है। इसके साथ ही पुलिस ने करीब 95 वाहन जब्त किए हैं।