जम्मू में कोरोना की जांच करती स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
कश्मीर के बाद जम्मू में कोविड संक्रमण का प्रसार बढ़ने लगा है। जम्मू में शुक्रवार को कई महीनों बाद 13 संक्रमित मिले। इसमें गांधीनगर क्षेत्र से ही 11 मामले रिपोर्ट हुए हैं। इसके अलावा सुंजवां में सुरक्षाबलों के 7 जवान भी संक्रमित बताए जा रहे हैं, हालांकि शुक्रवार के आधिकारिक डेटा में इस आंकड़े को शामिल नहीं किया गया है। इस बीच प्रदेश में कुल 158 संक्रमित मिले, जिसमें कश्मीर संभाग से 132 मामले हैं। राजधानी श्रीनगर और बारामुला लगातार प्रभावित हैं।
गांधीनगर स्थित एक स्कूल में शुक्रवार को कोविड टेस्टिंग के दौरान 11 स्थानीय लोग संक्रमित मिले, जिन्हें घर पर आइसोलेट की सलाह दी गई। टेस्टिंग बढ़ने से संक्रमण का दायरा भी बढ़ रहा है। श्रीनगर में पाबंदियों के बावजूद सर्वाधिक मामले आने का सिलसिला जारी है। यहां 73 नए मामलों में 67 स्थानीय स्तर के हैं। इसी जिले में सर्वाधिक 623 सक्रिय मामले हैं।
जिले में अब तक कोविड से 855 लोगों की मौत हो चुकी है। बारामुला में स्थानीय स्तर के 31 नए मामले मिले। यहां सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर 208 तक पहुंच गया है। प्रदेश में एकमात्र किश्तवाड़ कोविड मुक्त चल रहा है। जिला रामबन, कठुआ, किश्तवाड़, उधमपुर, शोपियां, कुलगाम में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला है।
डेंगू का आंकड़ा 1300 के पार
जम्मू कश्मीर में डेंगू मामलों का आंकड़ा 1328 तक पहुंच गया है। प्रदेश में शुक्रवार को 39 नए डेंगू के मामले मिले, जिसमें 21 जम्मू से हैं। इसके साथ जम्मू का आंकड़ा 782 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया विंग की ओर से घर-घर जाकर डेंगू मच्छर के लिए जिम्मेदार लारवा को खत्म करने का अभियान चलाया गया है। इसके लिए जिला स्तर के कर्मचारियों को जम्मू कार्यालय में प्रशिक्षित करके भेजा जा रहा है। इसके साथ डेंगू पर जागरूकता अभियान को बढ़ाया गया है। कठुआ में 11, उधमपुर में 5, राजोरी में 1 नया मामला मिला है।