भारत के खिलाफ पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाने वाले छात्रों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज और सौरा स्थित स्किम्स के छात्रां के खिलाफ यूएपीए के तहत कार्रवाई की गई है।
टी-20 क्रिकेट के विश्व कप के मैच में रविवार को भारत के खिलाफ पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाने वाले मेडिकल छात्रों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दो मामले दर्ज किए गए हैं। कश्मीर के आईजी विजय कुमार के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि करन नगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज और सौरा स्थित स्किम्स के छात्रां के खिलाफ यूएपीए के तहत कार्रवाई की गई है। पाकिस्तान की जीत के बाद घाटी में कई जगहों पर लोगों के जश्न मनाने के वीडियो वायरल हुए थे।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता नासिर खुहमी ने एक बयान में कहा कि छात्रों के खिलाफ यूएपीए के आरोप एक कठोर सजा है जो उनके भविष्य को बर्बाद कर देगा और उन्हें और अलग कर देगा। उन्होंने कहा, हम उनके कृत्य को सही नहीं ठहरा रहे हैं, लेकिन इसका परिणाम उनके करियर की हत्या होगी। उन्होंने कहा कि आरोपों का छात्रों के शैक्षणिक और भविष्य के करियर पर गंभीर परिणाम होंगे।