फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनमोल जिंदगियां बचाने के लिए उत्साह के साथ किया रक्तदान

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू। इंसानियत की सेवा के लिए हर कोई आगे आया। इस नेक काम के लिए किसी ने उम्र नहीं देखी। दूसरों के लिए कुछ करने का जज्बा चरम पर था। मौका था अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर लगाए गए रक्तदान शिविर का। जीएमसी के ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग में लगाए गए इस शिविर में समाज के हर वर्ग के लोगों ने रक्तदान कर अनमोल जिंदगियों को बचाने का संदेश दिया।
विज्ञापन

ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग जीएमसी और जेएंडके एड्स कंट्रोल सोसायटी के सहयोग से लगाए गए शिविर में जेकेपी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी, कर्मचारी, व्यापारी, विद्यार्थी, अधिकारी, राजनेता, राजपूत सभा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जम्मू विवि के छात्र, शिवसेना (बालठाकरे) आदि के सदस्यों रक्तदान कर पुण्य के भागी बने। रक्तदान के लिए पहुंचे नेकां के संभागीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई नेक कार्य नहीं है और खास तौर पर युवाओं को इसके लिए आगे आना चाहिए। रक्तदाताओं ने दिखाया कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। यह दूसरों को नया जीवन देता है। शिविर में रक्तदान के लिए कई लोग पहली बार पहुंचे तो कई स्वैच्छिक तौर पर आए। जोश का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता था कि रक्तदाता रक्तदान के लिए अपने हाथों में रक्त डोनेट पैकेट लिए कतारों में खड़े थे। इस विशेष रक्तदान शिविर में महादान के लिए रक्तदाताओं का हुजूम पहुंचा। विभाग में रक्तदान के लिए सुबह से ही रक्तदाताओं की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई थी। रक्तदान के लिए पहुंचे रक्तदाताओं के पते, मोबाइल नंबर, ब्लड ग्रुप आदि महत्वपूर्ण जानकारियां ली गईं, ताकि भविष्य में जरूरतमंद मरीजों के लिए दोबारा उनकी सेवाएं ली जा सकें। रक्तदाताओं को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसके साथ ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की ओर से वालंटियर कार्ड वितरित किए गए। शिविर को सफल बनाने के लिए जीएमसी की प्रिंसिपल डॉ. शशि सूदन, ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की एचओडी डॉ. मीना सिद्दू और संबंधित चिकित्सा स्टाफ, जेएंडके एड्स कंट्रोल सोसायटी के प्रोजेक्ट निदेशक डॉ. समीर मट्टू, सहायक निदेशक राजेश शर्मा आदि ने सहयोग किया।
----------
छात्रों ने किया रक्तदान
अमर उजाला के विशेष शिविर में रक्तदान के लिए बीएन कॉलेज ऑफ नर्सिंग, चक्क भलवाल के रेड रिबन क्लब से कई विद्यार्थी पहुंचे। उन्होंने रक्तदान कर दूसरों के जीवन को बचाने का संदेश दिया। इनमें अधिकांश ने पहली बार रक्तदान किया, लेकिन उनके चेहरों पर जज्बा था। उन्होंने दिखाया कि युवा ऐसे नेक कार्य में अपना योगदान देकर समाज को मजबूत बना सकते हैं।
विज्ञापन

---------
निगेटिव ब्लड ग्रुप वाले भी आगे रहे
रक्तदान शिविर में रक्तदान के लिए सामान्य ब्लड ग्रुप के साथ निगेटिव ब्लड ग्रुप वाले भी पहुंचे। दोमाना से पहुंचे संदीप कुमार ने बताया कि उनका ब्लड ग्रुप ओ निगेटिव है और वह पहली बार रक्तदान के लिए इस उद्देश्य के साथ आए हैं कि उनका रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के काम आ सके। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में निगेटिव ब्लड ग्रुप वाले मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती है। इसके लिए निगेटिव ब्लड ग्रुप वालों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें