राजोरी जिले में एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों व इलाके के लोगों ने हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जम्मू संभाग के राजोरी जिले में बुधवार को 28 वर्षीय युवक की उसके घर के अंदर अज्ञात लोगों द्वारा हत्या कर दी गई। मृतक के घर से धारदार हथियार बरामद किया गया है। उधर, आक्रोशित परिजन व इलाके के लोग सड़क पर उतर आए और जम्मू-राजोरी हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
बता दें कि चकली गांव में देर रात अज्ञात हमलावर युवक के घर में घुस आए और अंकुश कुमार शर्मा पुत्र बचन कुमार शर्मा की हत्या कर दी। परिवार के लोगों ने शोर मचाया लेकिन वारदात को अंजाम देकर हत्यारे भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन परिवार के लोगों ने इलाके के अन्य लोगों के साथ मिलकर जम्मू-राजोरी हाईवे जाम कर दिया। जिसके बाद पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। मेडिको-लीगल औपचारिकताओं के लिए शव को कब्जे में लिया गया है। वारदात को अंजाम देने वालों को जल्द ही पकड़ा जाएगा और कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।