जम्मू संभाग में नए पर्यटन स्थलों की तलाश के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध करवाने की कवायद की जा रही है। इसके लिए पर्यटकों को पर्यटन स्थलों तक ले जाने के लिए युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं के लिए आय का स्रोत पैदा होगा। मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर ने जिला उपायुक्तों को स्थानीय अर्थव्यवस्था बढ़ानेे के लिए संबंधित पर्यटक स्थलों की सड़कों पर स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्टालों की स्थापना के प्रावधानों का पता लगाने के निर्देश दिए।
डिवकॉम ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों में निकट भविष्य में ईको पर्यटन, वाटर स्पोर्ट्स, ट्रैकिंग, कैंपिंग, एडवेंचर पर्यटन आदि चिह्नित क्षेत्रों का विकास किया जाएगा। इसके साथ सुझाव दिया गया कि जहां आवास सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां होम स्टे को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएं। जहां सड़क संपर्क उपलब्ध नहीं, वहां के गंतव्यों पर ट्रैकिंग सुविधाओं की योजना बनाई जा सकती है।
मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में जम्मू टूरिस्ट सर्किट को बढ़ावा देने के लिए विशेष आईईसी अभियान शुरू करने के भी निर्देश दिए गए। पर्यटन स्थलों को लोकप्रिय बनाने के लिए जिलों में त्योहारों, पर्यटन कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।