आरएस पुरा। देशभर में मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत वीरवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की तरफ से ग्रामीण विकास विभाग के सभागार में शिविर लगाया गया। इसमें लोगों को भ्रष्टाचार पर रोक लगाने संबंधी जागरूक किया गया।
एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों ने लोगों को बताया कि 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक देशभर में जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। उसी के तहत प्रदेश भर में शिविर लगकर लोगों को भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने तथा इसे खत्म करने संबंधी जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहा है। तो इसकी शिकायत विजिलेंस से करें। ताकि उस अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
डीडीसी सदस्य प्रो. गारू राम भगत ने कहा कि भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए लोक सेवक, नागरिकों एवं निजी क्षेत्र को मिलकर काम करने की जरूरत है। देश की प्रगति में भ्रष्टाचार एक बहुत बड़ी बाधा है जिसे खत्म करने के लिए हम सबको आज के दिन शपथ लेने की जरूरत है। भ्रष्टाचार पर काबू तभी पाया जा सकता है जब हर एक नागरिक पूरी तरह से जागरूक होगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की जड़ें काफी मजबूत हैं जिसे उखाड़ने के लिए हम सबको मेहनत करने की जरूरत है।
इस अवसर पर ब्यूरो के डीएसपी मुस्ताक अहमद सहित एसडीएम रामलाल शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष सतपाल पप्पी, बीडीसी चेयरमैन तरसेम लाल शर्मा, एसडीपीओ शब्बीर अहमद खान, थाना प्रभारी जयपाल शर्मा, उर्वी सिंह, सरपंच गुरदीप सिंह सैनी सहित अन्य ने हिस्सा लिया।