जम्मू। जम्मू पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वालों के सार्वजनिक निर्देशावली (एडवाइजरी) जारी की है। इसमें कहा गया है कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में काफी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। जम्मू में मुख्य समारोह एमए स्टेडियम में होगा। इसमें प्रवेश की सुविधा और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। वहीं, लोगों से भी सहयोग की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि समय पर आएं और आराम से समारोह स्थल में प्रवेश पाएं, ताकि किसी को भी परेशानी न हो।
जनता से कैमरे वाला मोबाइल फोन, हथियार, गोला-बारूद, हथियार, हैंड बैग, पॉलिथिन बैग, ट्रांजिस्टर, खिलौने, उपकरण, स्टॉप वॉच, पाउडर, सिगरेट, माचिस और लाइटर जैसी ज्वलनशील सामग्री नहीं ले जाने का आग्रह किया है। साथ ही विभिन्न गेट पर तैनात जांच टीमों से पूरा सहयोग करने के लिए कहा गया है। गेट में डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर के माध्यम से प्रवेश मिलेगा। कतार में खड़ा होना पड़ेगा। इसलिए समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें। इससे आराम से प्रवेश मिल सकेगा। वाहनों के लिए उचित पार्किंग स्लॉट निर्धारित किए गए हैं, जिसके लिए यातायात पुलिस कर्मियों से मदद लें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु को देखे जाने की स्थिति में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को तत्काल सूचित करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु को छूने का प्रयास न करें।