रामबन में जवाहर टनल के पास खाई में गिरा टैंकर
- फोटो : UDHAMPUR
रामबन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार और बुधवार की रात को जवाहर टनल के पास एक तेल टैंकर खाई में गिर गया। इस घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक डीजल की खेप लेकर जम्मू से श्रीनगर तेज रफ्तार में जा रहा एक टैंकर (जेके14ए-9786) चालक से अनियंत्रित होकर जवाहर टनल के पास चार सौ मीटर गहरी खाई में लुढ़क गया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी जवाहर टनल के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची, और काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला।
चालक की मौत हो चुकी थी इसलिए शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए उपजिला अस्पताल बनिहाल भेजा गया। मृतक की पहचान ईश्वर दास पुत्र राम दित्ता निवासी सहसवां कठुआ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। आगे की जांच के लिए पुलिस ने मामला दर्ज किया है।