जम्मू-कश्मीर में गुज्जर-बकरवाल समुदाय के बच्चों को शिक्षा मुहैया करवाने के लिए शुरू किए गए सीजनल सेंटरों की संख्या में सरकार ने बढ़ोतरी की है। चालू वित्त वर्ष में समग्र शिक्षा विभाग ने 300 नए सीजनल स्कूलों को शुरू किया है। अब इनकी संख्या बढ़कर 1900 हो गई है। इस कदम से समुदाय के बच्चों को और बेहतर शिक्षा मिलेगी। सरकार ने इन स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के वेतन को भी दस हजार रुपये तक बढ़ाया है।
गुज्जर-बकरवाल समुदाय के लोग हर छह महीने में एक स्थान से दूसरे स्थान पर पलायन करते हैं। इससे समुदाय के बच्चों को पर्याप्त शिक्षा नहीं मिल पाती। बच्चों के भविष्य की चिंता को देखते हुए सरकार ने मोबाइल स्कूल और सीजनल सेंटर की कवायद शुरू की थी, जो काफी उपयोगी साबित हुई। सरकार अब इस कवायद को और मजबूत करने की तैयारी कर रही है, जिसके तहत ही 300 नए सीजनल स्कूलों को शुरू किया गया है। इन स्कूलों में 1748 शिक्षक हैं, जिन्हें एजुकेशनल वॉलियंटर्स कहते हैं।
यह भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर: पुंछ में घुसपैठ की साजिश नाकाम, सेना ने मार गिराया एक आतंकवादी
समग्र शिक्षा निदेशक दीप राज ने बताया कि 300 सीजनल स्कूल बढ़ाए गए हैं। इससे ज्यादा से ज्यादा समुदाय के बच्चों तक पहुंचा जा सकेगा। सरकार के आश्वासन के तहत इन स्कूलों में पढ़ाने वाले एजुकेशन वॉलियंटर्स के वेतन को चार हजार रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया है।